स्वास्थ्य सेवाओं में लखनऊ का दबदबा बरकरार: NHM की मई 2026 रैंकिंग में लगातार दूसरी बार प्रदेश में नंबर-1, मंडल स्तर पर भी मारी बाजी

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मई 2026 रैंकिंग में लखनऊ ने लगातार दूसरे महीने प्रदेश के 75 जिलों में पहला स्थान हासिल किया.

X
Ashutosh Rai

उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में लखनऊ ने एक बार फिर अपनी मजबूत पहचान बनाई है. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मई 2026 हेल्थ रैंकिंग में राजधानी ने लगातार दूसरे महीने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया. मंडलीय स्तर पर भी लखनऊ सबसे आगे रहा.

स्वास्थ्य सेवाओं में लखनऊ ने फिर दिखाई ताकत

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की हेल्थ रैंकिंग डैशबोर्ड के अनुसार मई 2026 में लखनऊ ने 0.75 समेकित स्कोर के साथ प्रदेश के 75 जिलों में पहला स्थान हासिल किया. यह उपलब्धि लगातार दूसरे महीने दर्ज हुई है. खास बात यह रही कि मार्च में लखनऊ 16वें स्थान पर था लेकिन अप्रैल में बड़ी छलांग लगाकर पहले स्थान पर पहुंचा और मई में भी अपनी बढ़त बनाए रखी. इसी के साथ लखनऊ मंडल ने भी 18 मंडलों में पहला स्थान हासिल किया. यह प्रदर्शन स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर योजना और लगातार निगरानी का नतीजा माना जा रहा है.

टीकाकरण और मातृ स्वास्थ्य में शानदार प्रदर्शन

रिपोर्ट में कई ऐसे संकेतक सामने आए जिनमें लखनऊ ने पूरे प्रदेश में सबसे बेहतर काम किया. गर्भवती महिलाओं की एचआईवी जांच में जिला पहले स्थान पर रहा. बच्चों के पूर्ण टीकाकरण, जिसमें बीसीजी, पेंटा और खसरा टीके शामिल हैं, उसमें भी लखनऊ ने शीर्ष स्थान हासिल किया. परिवार नियोजन कार्यक्रम में भी जिले का प्रदर्शन बेहतर रहा. इसके अलावा Reversible Method Accepted per 1000 Eligible Couples संकेतक में पिछले महीने की तुलना में 425.3 प्रतिशत की सबसे अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई.


टीमवर्क और निगरानी से मिली बड़ी सफलता

ब्लॉक स्तर पर भी लखनऊ के कई क्षेत्रों ने अच्छा प्रदर्शन किया. बख्शी का तालाब, मल और मोहनलालगंज सबसे बेहतर ब्लॉक रहे, जबकि नगर क्षेत्र, मलिहाबाद और गोसाईगंज ने सबसे अधिक सुधार दर्ज किया. राहत की बात यह रही कि किसी भी ब्लॉक की रैंकिंग में गिरावट नहीं आई. अपर निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता ने इस उपलब्धि का श्रेय पूरी स्वास्थ्य टीम को दिया. वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनबी सिंह ने कहा कि नियमित समीक्षा, बेहतर डेटा प्रबंधन, फील्ड मॉनिटरिंग और सभी स्वास्थ्य कर्मियों की मेहनत से यह सफलता मिली है.