Lok Sabha Elections 2024: वरुण गांधी की सपा से बन गई बात! अखिलेश यादव ने दिये बड़े संकेत
Lok Sabha Elections 2024: पीलीभीत लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद वरुण गांधी का टिकट कट सकता है. ऐसे में वरुण गांधी के टिकट को लेकर तमाम कयास लगाए जा रहे हैं. चर्चा है कि सपा उनको अपने सिंबल पर चुनावी मैदान में उतार सकती है.
Lok Sabha Elections 2024: बीजेपी के मौजूदा सांसद वरुण गांधी के टिकट को लेकर संशय के बादल मंडरा रहे है. अटकलें हैं कि पीलीभीत लोकसभा सीट से बीजोपी उन्हें दोबारा लोकसभा का टिकट नहीं दे सकती है. ऐसे में उनके अगले सियासी कदम को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है. इस पूरे सियासी घटनाक्रम में नया टर्न एंड ट्विस्ट तब आया, जब सपा मुखिया अखिलेश यादव ने संकेत दिये कि उनकी पार्टी वरुण गांधी पीलीभीत से सपा के संभावित उम्मीदवार हो सकते है.
बीते कल जब अखिलेश यादव से बीजेपी सांसद वरुण गांधी को टिकट देने के बाबत सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा इस पर हमारा संगठन फैसला लेगा. अगर ऐसी स्थिति आती है तो पार्टी वरुण को टिकट देने पर विचार करेगी. सपा ने अभी तक पीलीभीत सीट से अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया है. बीते मंगलवार को अखिलेश यादव ने पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र के पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. जिसके बाद चर्चाओं का बाजार गर्म है कि सपा वरुण गांधी को टिकट दे सकती है.
कुशीनगर से चुनाव लड़ सकते है स्वामी प्रसाद मौर्य
अखिलेश यादव ने यह भी संकेत दिया कि पूर्व सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य जिन्होंने हाल ही में सपा से इस्तीफा दिया था, उनको कुशीनगर लोकसभा सीट से मैदान में उतारा जा सकता है. स्वामी प्रसाद मौर्य के इस्तीफे को स्वीकार करने के सवाल पर कहा कि हमारी समिति विचार कर रही होगी. ऐसे में स्वामी के प्रति अखिलेश ने नरम तेवर दिखाते हुए बड़े संकेत दिये है. चर्चा है कि वह कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में कुशीनगर से चुनावी खम ठोक सकते हैं.
मेनका गांधी का फाइनल तो वरुण पर सस्पेंस बरकरार
बीजेपी ने अपनी पहली सूची में उत्तर प्रदेश की 51 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है लेकिन अभी भी कई महत्वपूर्ण सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा करना बाकी है. इनमें पीलीभीत, सुल्तानपुर, कैसरगंज, मैनपुरी और कुछ अन्य सीटें शामिल हैं. वर्तमान में पीलीभीत लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व वरुण गांधी कर रहे हैं, जबकि उनकी मां और पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी सुल्तानपुर लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद हैं. सूत्रों ने कहा कि बीजेपी मेनका गांधी को फिर से उम्मीदवार बना सकती है लेकिन वरुण को मैदान में उतारने की संभावना बहुत कम है.