कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक महिला ने अपनी ससुराल वालों पर चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं. शादी के एक साल बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसके पति और ससुराल वाले मानसिक यातना और दहेज के लिए उसे परेशान कर रहे थे. महिला ने बताया कि 22 जून 2023 को लखनऊ के निशांत कुमार से उसकी शादी हुई थी. उसके परिवार ने शादी में आभूषण, 8 लाख रुपये नकद और एक महिंद्रा थार SUV दी थी. लेकिन शादी के बाद लखनऊ में ससुराल पहुंचने पर उसे अजीब हालात का सामना करना पड़ा.
महिला ने बताया कि शादी के बाद पता चला कि उसके पति निशांत के दोनों किडनी फेल हो चुकी हैं. यह बात शादी से पहले परिवार ने जानबूझकर छुपाई थी. 2022 से निशांत डायलिसिस पर था और उसकी किडनी खराब होने की वजह नशा बताया गया. महिला ने शिकायत में कहा कि पति रोजाना 10 से ज्यादा दवाइयां लेता था, लेकिन परिवार ने उसे हाई ब्लड प्रेशर बताकर धोखा दिया. जब महिला ने इस बारे में पूछा तो जवाब टाल दिया जाता था.
अप्रैल 2024 में महिला ने अपनी ननद को अपनी परेशानी बताई. इसके बाद ही पति ने उसके साथ संबंध बनाए. बाद में उसने सुना कि सास ननद से कह रही थी कि फाइल छुपा लो. जब महिला ने फाइल देखी तो हैरान रह गई. उसमें निशांत के 2022 के मेडिकल रिकॉर्ड थे जिसमें साफ लिखा था कि दोनों किडनी फेल हैं. जब महिला और उसके परिवार ने इसकी शिकायत की तो ससुराल वालों ने दो विकल्प दिए- या तो 30 लाख रुपये लाओ या पति को किडनी डोनेट कर दो.
महिला ने आरोप लगाया कि पति उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने में रुचि नहीं लेता था. कई बार सास उनके बीच सो जाती थी. ससुर बिना दरवाजा खटखटाए कमरे में घुस आते और बिना इजाजत उसके फोटो खींच लेते थे. जब महिला ने पति से इस बारे में पूछा तो वह कहता कि किसी और से शादी कर लो. बाद में पता चला कि पति दूसरी महिला से संबंध रखता था और पूरा परिवार इस बात से वाकिफ था.
11 अक्टूबर 2024 को महिला ससुराल छोड़कर कानपुर आ गई. उसने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने शादी में दिए गए आभूषण भी रख लिए. चकेरी पुलिस ने महिला की शिकायत पर दहेज उत्पीड़न, धोखाधड़ी और क्रूरता का मामला दर्ज कर लिया है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अभिषेक पांडे ने कहा कि जांच चल रही है और जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी.