menu-icon
India Daily

3 रॉटविलर कुत्तों ने महिला पर बेदर्दी से किया हमला, 30 जगहों पर नोचा; डिलीवरी बॉय और बच्चे बने फरिश्ता

कानपुर में एक पालतू रॉटविलर नस्ल के तीन कुत्तों ने एक महिला पर अचानक हमला कर दिया. घटना के समय कुत्तों ने महिला को संभलने का मौका तक नहीं दिया और उस पर हमला कर दिया. इस दौरान महिला के शरीर पर करीब 30 जख्म आए.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
3 रॉटविलर कुत्तों ने महिला पर बेदर्दी से किया हमला, 30 जगहों पर नोचा; डिलीवरी बॉय और बच्चे बने फरिश्ता
Courtesy: Pinterest

कानपुर से एक बेहद चिंताजनक घटना सामने आई है, जहां पालतू रॉटविलर नस्ल के तीन कुत्तों ने एक महिला पर अचानक हमला कर दिया. कुछ ही मिनटों में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और बात उसकी जान पर बन आई. आसपास मौजूद लोगों की बहादुरी और त्वरित प्रतिक्रिया ने एक बड़ा हादसा होने से टाल दिया.

यह घटना शनिवार शाम चकेरी थाना क्षेत्र की फ्रेंड्स कॉलोनी में हुई. घाऊखेड़ा निवासी 55 वर्षीय गीता अपनी सहेली के साथ एक परिचित के घर किसी किसी काम से पहुंची थीं. जैसे ही उन्होंने घर के अंदर प्रवेश किया, वहां मौजूद तीन रॉटविलर कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया. हमले में महिला के शरीर पर करीब 30 जगह गंभीर चोटें आईं और उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाना पड़ा.

अचानक हुए हमले से मचा हड़कंप

घटना के समय कुत्तों ने महिला को संभलने का मौका तक नहीं दिया और उस पर हमला कर दिया.  हमला इतना तेज था कि वह खुद को बचाने में असमर्थ रहीं. आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई मिनट तक महिला मदद के लिए संघर्ष करती रही.

डिलीवरी बॉय और बच्चों ने दिखाई हिम्मत

घटना के दौरान एक डिलीवरी बॉय मौके पर पहुंचा और उसने साहस दिखाते हुए कुत्तों को दूर भगाने की कोशिश की. वहीं पास के पार्क में खेल रहे कुछ बच्चों ने भी बैट और डंडों की मदद से कुत्तों को खदेड़ा. उनकी सूझबूझ और बहादुरी के चलते महिला को हमले से बाहर निकाला जा सका.

इलाके में पहले भी रही शिकायतें

स्थानीय लोगों का कहना है कि इन कुत्तों को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें सामने आ चुकी हैं. आरोप है कि इन्हें अक्सर बिना पर्याप्त नियंत्रण के खुले में छोड़ दिया जाता था. निवासियों ने बताया कि कुछ महीने पहले भी इसी इलाके में एक बच्ची पर हमला होने की बात सामने आई थी, जिससे लोगों में पहले से ही डर का माहौल था.

अस्पताल में चल रहा इलाज

घायल महिला को पहले स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया गया. परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से की है. पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.