बाजार से अचार खरीदने वाले सावधान, सड़े आम और मिर्च से बना 3000 किलोग्राम से अधिक माल बरामद; कानपुर में फैक्ट्री हुई सील
कानपुर में एफएसडीए ने श्रीकांत अचार फैक्ट्री पर छापा मारकर 3060 किलोग्राम तैयार अचार और 3000 किलोग्राम से अधिक सड़ा कच्चा माल बरामद किया. फैक्ट्री को सील कर नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं.
कानपुर: कानपुर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने मिलावटी और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए झकरकटी स्थित श्रीकांत अचार फैक्ट्री पर छापेमारी की. जांच के दौरान फैक्ट्री में भारी गंदगी और सड़े हुए कच्चे माल से अचार तैयार किए जाने का खुलासा हुआ. अधिकारियों ने फैक्ट्री को तत्काल सील कर दिया और बड़ी मात्रा में तैयार अचार तथा खराब कच्चा माल नष्ट कराया.
एफएसडीए की टीम ने निरीक्षण के दौरान गाजर, नींबू, आम, मिर्च, गोभी समेत 3000 किलोग्राम से अधिक सड़ा गला कच्चा माल बरामद किया. अधिकारियों के अनुसार यह सामग्री मानव उपभोग के लिए पूरी तरह अनुपयुक्त थी और इसकी अनुमानित कीमत करीब 2.40 लाख रुपये आंकी गई है. पूरे खराब कच्चे माल को नियमानुसार नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई.
क्या लिया गया एक्शन?
छापेमारी के दौरान टीम ने फैक्ट्री से पांच खाद्य नमूने भी एकत्र किए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधित संचालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read
- योगी कैबिनेट से पास हुए 27 प्रस्ताव, लेकिन मदरसों से जुड़ा एकमात्र प्रस्ताव हुआ खारिज; जानिए क्यों
- चंपत राय का इस्तीफा, कृष्ण मोहन को कमान...राम मंदिर ट्रस्ट की प्रेस कॉन्फ्रेंस की 5 बड़ी बातें
- 'ना बातचीत होगी, ना बार-बार बाथरूम जाने की छूट...', चंदा चोरी घोटाले के बाद अब राम मंदिर में दान गिनने के बदले नियम
सहायक उपायुक्त खाद्य संजय प्रताप सिंह के अनुसार फैक्ट्री में 974 किलोग्राम लाल मिर्च का अचार, 599 किलोग्राम हरी मिर्च का अचार, 449 किलोग्राम आम का अचार, 499 किलोग्राम मिक्स अचार और 539 किलोग्राम कटहल का अचार मिला. इन सभी तैयार अचार की कुल मात्रा 3060 किलोग्राम थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3.93 लाख रुपये बताई गई है. जांच के बाद पूरे तैयार अचार को भी नष्ट करा दिया गया.
निरीक्षण के दौरान क्या मिला?
निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री परिसर में साफ सफाई की स्थिति भी बेहद खराब मिली. खाद्य सामग्री को स्वच्छ वातावरण में रखने के बजाय गंदगी के बीच संग्रहित किया जा रहा था. अधिकारियों ने इसे खाद्य सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन माना और तत्काल फैक्ट्री को सील करने का निर्णय लिया.
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि उपभोक्ताओं की सेहत से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. यदि जांच रिपोर्ट में खाद्य मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
विभाग ने आम लोगों से क्या की अपील?
विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि बाजार से पैक्ड खाद्य पदार्थ खरीदते समय गुणवत्ता, निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें. यदि किसी खाद्य उत्पाद की गुणवत्ता पर संदेह हो या कहीं मिलावटी अथवा खराब खाद्य सामग्री तैयार किए जाने की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को दें. ऐसे मामलों में समय पर शिकायत करना सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है.