Asian Games 2026

झांसी में ड्रग्स डीलिंग के बहाने बुलाकर परवेज की मौत, सिपाही समेत 8 गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के झांसी में 21 वर्षीय परवेज की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. प्रेमनगर इलाके में हुई इस घटना में पुलिस ने एक सिपाही समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया है.

Pinterest
Shilpa Srivastava

झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी में 21 वर्षीय परवेज की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. प्रेमनगर इलाके में हुई इस घटना में पुलिस ने एक सिपाही समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, परवेज को ड्रग्स की डीलिंग के नाम पर बुलाया गया था. इसके बाद उसे कार में बैठाकर कथित तौर पर बंधक बनाया गया और मारपीट की गई. गंभीर चोट लगने के बाद उसकी मौत हो गई. पुलिस ने तीन कार और सात मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.

यह मामला 13 सितंबर 2026 का है. प्रेमनगर थाना क्षेत्र के विजय नगर निवासी 21 वर्षीय परवेज को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शुरुआत में घटना को हादसा माना जा रहा था. लेकिन पोस्टमार्टम में शरीर पर चोटों के निशान मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया. मृतक के पिता की शिकायत पर 16 सितंबर को अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया.

ड्रग्स के सैंपल के बहाने बुलाने का आरोप:

पुलिस के मुताबिक, परवेज ड्रग्स सप्लाई से जुड़ा था और वह साहिल नाम के व्यक्ति के संपर्क में आया था. पुलिस का कहना है कि उसे ड्रग्स का सैंपल लेकर बुलाया गया था. जांच के अनुसार, परवेज सुकुवां-ढुकवां कॉलोनी में अपने दोस्तों के साथ था. वहां से वह एक कार में बैठा. उसके साथ दो अन्य कारें भी चल रही थीं. पुलिस के मुताबिक, इस पूरे घटनाक्रम में करीब 11 लोगों की भूमिका सामने आई है.


कार में बनाया वीडियो, फिर शुरू हुआ विवाद:

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने परवेज के पास मौजूद ड्रग्स का वीडियो बनाने की कोशिश की. इसके बाद उसे पुलिस से पकड़वाने की धमकी दी गई. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया. पुलिस का आरोप है कि कार में मौजूद भूपेंद्र वंशकार और शनि नामदेव ने परवेज के साथ मारपीट की. इस दौरान हाथापाई भी हुई. पुलिस ने यह भी बताया कि पोस्टमार्टम में शरीर पर दांत से काटने के निशान मिले थे.

सिर में चोट लगने के बाद हुई मौत:

पुलिस के मुताबिक, मारपीट के दौरान परवेज गंभीर रूप से घायल हो गया. जब वह कार से उतरने की कोशिश कर रहा था, तब वह नीचे गिर गया और उसके सिर में चोट लगी. इसके बाद आरोपी उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस का कहना है कि घटना के बाद आरोपियों ने मामले को हादसा दिखाने की कोशिश की थी. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोटों के निशान मिलने के बाद जांच का रुख बदल गया.

वसूली के कथित नेटवर्क की भी जांच: 

पुलिस के मुताबिक, जांच में एक कथित वसूली नेटवर्क की जानकारी भी सामने आई है. पुलिस का आरोप है कि कुछ लोग ड्रग्स से जुड़े लोगों को निशाना बनाकर उन्हें पुलिस कार्रवाई का डर दिखाते थे और उनसे पैसे वसूलने की कोशिश करते थे. परवेज को भी इसी तरह निशाना बनाए जाने की बात जांच में सामने आई है. हालांकि इस कथित नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच अभी जारी है. कुछ अन्य संदिग्धों की तलाश भी की जा रही है.

सिपाही समेत 8 लोग गिरफ्तार:

पुलिस ने प्रयांश, जय श्रीवास्तव, साहिल मिश्रा, भूपेंद्र वंशकार, यश शिवहरे, अर्शिल खान, शनि नामदेव और सिपाही आशीष सिंह को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल तीन लग्जरी कारें और सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं. सभी गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. मामले की आगे की जांच जारी है.