T20 World Cup 2026

अमरोहा में ब्लैकमेल से तंग आकर TET की छात्रा ने दी जान, हाथ पर लिखा सुसाइड नोट 'अरुण है जिम्मेदार'

छात्रा एक दिन किसी की बाइक पर बैठकर कॉलेज जा रही थी तभी अरुण ने वीडियो बना लिया. इसी वीडियो के आधार पर वह उसे ब्लैकमेल करता रहा. कभी फिजिकल रिलेशन बनाने का दबाव डालता, कभी पैसे मांगता.

Sagar Bhardwaj

अमरोहा के सैदनगली थाना क्षेत्र के देहरा मिलक गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां 26 वर्षीय  टीईटी की छात्रा रुचि ने गुरुवार रात अपने घर में फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली. उसके हाथ पर लिखे सुसाइड नोट में अरुण को मौत का जिम्मेदार ठहराया गया. 

हाथ पर लिखा सुसाइड नोट

रुचि ने हाथ पर लिखे सुसाइड नोट में लिखा था, “सब अरुण की गलती से हुआ है. मेरी मौत का जिम्मेदार सिर्फ अरुण है. मैंने एक और सुसाइड नोट लिखा है, जो भी उसे देखे फाड़े नहीं.”

शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था अरुण 

परिजनों के अनुसार, रुचि को गांव के दो सगे भाई, अरुण (25) और सुशील (34), पिछले एक साल से परेशान कर रहे थे. उन्होंने बताया कि वह एक दिन बाइक पर बैठकर कॉलेज जा रही थी तभी अरुण ने उसका वीडियो बना लिया और इस वीडियो के आधार पर वह उस पर दबाव डालता रहा. अरुण कभी उससे पैसे मांगता और कभी उससे शारीरिक संबंध बनाने का कहता. आखिरकार जब छात्रा ने उससे मना कर दिया तो उसने उसका वीडियो गांव के वॉट्सएप ग्रुपों में वायरल कर दिया, जिससे परेशान होकर छात्रा ने आत्महत्या कर ली.

रुचि की भाभी मोनिका ने कहा, 'रात को सब सामान्य था. रुचि ने गुरुवार रात हम सभी के साथ खाना खाया था. फिर वह सोने चली गई. सुबह जब मैं उसे उठाने गई, तो उसका शव पंखे से लटका मिला.” मोनिका ने कहा कि अरुण और सुशील लगातार रुचि को ब्लैकमेल कर रहे थे. अरुण गांव में ऑनलाइन फॉर्म भरने का काम करता है, जबकि सुशील नोएडा में नौकरी करता है.

अरुण-सुशील के खिलाफ मामला दर्ज

थानाध्यक्ष विकास सेहरावत ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर अरुण और सुशील के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. उन्होंने कहा, “दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. सख्त कार्रवाई होगी.” रुचि अपने दो भाइयों की इकलौती बहन थी और बीए करने के बाद रेलवे में टीजीटी की तैयारी कर रही थी.