लखनऊ में हिंदूवादी नेता की हत्या, ड्राइवर ने साथियों संग गोली मारी; शव नहर में फेंका
लखनऊ में हिंदूवादी नेता धीरेंद्र प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई. उनका शव फॉर्च्यूनर से नहर में फेंका गया.
लखनऊ में हिंदूवादी नेता धीरेंद्र प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है. दुबग्गा इलाके के पास नहर से उनका शव बरामद किया गया. शुरुआती जांच में जमीन विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
फॉर्च्यूनर में हत्या के बाद नहर में फेंका शव
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक धीरेंद्र प्रताप सिंह की हत्या उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी में की गई. गोली मारने के बाद शव को उसी वाहन से नहर तक ले जाया गया और वहां फेंक दिया गया. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके की जांच शुरू की. धीरेंद्र लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र में रहते थे. उनका मूल निवास उन्नाव बताया जा रहा है. शव मिलने की खबर से परिवार और परिचितों में भी हड़कंप मच गया.
ड्राइवर की भूमिका पर शक
शुरुआती जांच में पुलिस को हत्या के पीछे जमीन से जुड़ी पुरानी रंजिश होने का शक है. इसी वजह से पुलिस अब धीरेंद्र से जुड़े जमीन विवादों और उनके विरोधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है. जांच में उनके ड्राइवर की भूमिका भी सामने आई है. आशंका है कि ड्राइवर ने किसी विरोधी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने में मदद की हो सकती है.
Also Read
- सपा दंगों की राजनीति करती है... सीएम योगी ने साधा निशाना, JPNIC पर कब्जे की कोशिश का लगाया आरोप
- IIT-IIM से पढ़ाई, लंदन की नौकरी छोड़ी और बनीं IAS... यूपी की दिव्या मित्तल ने दिया इस्तीफा, अफसर पति भी छोड़ चुके नौकरी
- 'कृष्ण लला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे', श्रीकृष्ण जन्मभूमि के सम्मान में विश्व हिंदू रक्षा परिषद का मथुरा कूच
जांच में जुटी पुलिस
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है. अधिकारियों की ओर से वारदात के पीछे की सही वजह और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को जोड़कर जांच कर रही है, जिसमें जमीन विवाद, ड्राइवर की भूमिका और धीरेंद्र की हाल की गतिविधियां शामिल हैं.