Weather IMD US Israel Iran War

यूपी में गर्मी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, इन जिलों में जारी हुआ लू चलने का अलर्ट; IMD ने दी ये चेतावनी

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का दौर शुरू हो गया है. मौसम विभाग ने 46 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है. चलिए जानते हैं आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम.

Pinterest
Km Jaya

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में गर्मी ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है. प्रदेश के कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और मौसम विभाग ने मंगलवार से भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है. सोमवार को प्रदेश के 24 से अधिक जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया. मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले पांच दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है.

भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के 46 जिलों में तेज लू चलने का अलर्ट जारी किया है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 10 और 11 जून को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लू का प्रभाव सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है. इसके साथ ही अगले एक सप्ताह तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने की संभावना बनी हुई है.

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी ने क्या बताया?

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के अनुसार लखनऊ सहित प्रदेश के 45 से अधिक जिलों में अगले पांच दिनों के दौरान तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है. इसका असर आम जनजीवन पर भी देखने को मिलेगा. दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है.


कौन सा जिला रहा सबसे गर्म?

सोमवार को वाराणसी प्रदेश का सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया. यहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं झांसी में सबसे गर्म रात रही, जहां न्यूनतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिलने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

राजधानी में कैसा रहा मौसम?

राजधानी लखनऊ में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया. दोपहर बाद कुछ क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही हुई, लेकिन इससे तापमान में कोई खास कमी नहीं आई. तेज धूप और उमस के कारण अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है.

मौसम विभाग ने लोगों क्या दी है सलाह?

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने के लिए कहा गया है. पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के रंग के कपड़े पहनने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है.

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लू का प्रभाव अधिक रह सकता है. यदि तापमान में अनुमानित बढ़ोतरी होती है तो कई जिलों में पारा 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. ऐसे में अगले कुछ दिन प्रदेशवासियों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं.