'ब्रांड यूपी' की ग्लोबल ब्रांडिंग: इंटरनेशनल ट्रेड शो बनेगा दुनिया का सबसे बड़ा व्यापार मंच, 85 देश होंगे शामिल
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो अब प्रदेश के निर्यात को बढ़ावा देने का प्रमुख मंच बन चुका है. चौथे संस्करण में 85 देशों के खरीदारों की भागीदारी इसे पहले के सभी संस्करणों से बड़ा और बेहतर बनाएगी. इस आयोजन से न सिर्फ निर्यात बढ़ेगा बल्कि एमएसएमई क्षेत्र को भी नई ऊर्जा मिलेगी.
ग्रेटर नोएडा: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा संस्करण अब तक का सबसे बड़ा व्यापार मंच बनेगा. इस बार 85 देशों से 550 से ज्यादा विदेशी खरीदार इसमें शामिल होंगे. यह आयोजन 25 से 29 सितंबर 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में होगा. इसमें रिवर्स बायर-सेलर मीट का आयोजन किया जाएगा, जिससे उत्तर प्रदेश के निर्यातकों, एमएसएमई और छोटे-बड़े उद्यमियों को विश्व बाजार से सीधे जुड़ने का बड़ा मौका मिलेगा.
खास फोकस इन क्षेत्रों पर
इस ट्रेड शो में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP), हस्तशिल्प, टेक्सटाइल, खाद्य प्रसंस्करण, इलेक्ट्रॉनिक्स और इंजीनियरिंग उत्पादों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. इन क्षेत्रों के उत्पादकों को विदेशी खरीदारों से मिलने और अपने सामान की डिमांड बढ़ाने का अच्छा अवसर मिलेगा.
शनिवार को नोएडा के सेक्टर-96 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपीआईटीएस के कर्टन रेजर कार्यक्रम में हिस्सा लिया. उन्होंने आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया और पूरी व्यवस्था से संतुष्टि जताई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह ट्रेड शो उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निर्यात शक्ति और निवेश की संभावनाओं को पूरी दुनिया के सामने नई पहचान देगा. इससे प्रदेश के उद्यमी अंतरराष्ट्रीय बाजार तक आसानी से पहुंच सकेंगे और नए ऑर्डर प्राप्त कर सकेंगे.
Also Read
तैयारियों की निगरानी
फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशंस इस आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभा रहा है. FIEO के महानिदेशक डॉ. अजय सहाय ने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक सुविध शाह लगातार तैयारियों की निगरानी कर रही हैं. उत्तर प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव (एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन) शशि भूषण लाल सुशील भी FIEO की टीम के साथ मिलकर विदेशी खरीदारों को आमंत्रित करने और अन्य तैयारियों की नियमित समीक्षा कर रहे हैं.
प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो अब प्रदेश के निर्यात को बढ़ावा देने का प्रमुख मंच बन चुका है. चौथे संस्करण में 85 देशों के खरीदारों की भागीदारी इसे पहले के सभी संस्करणों से बड़ा और बेहतर बनाएगी. इस आयोजन से न सिर्फ निर्यात बढ़ेगा बल्कि एमएसएमई क्षेत्र को भी नई ऊर्जा मिलेगी. नए बाजार खुलेंगे, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और उत्तर प्रदेश को वैश्विक व्यापार मानचित्र पर मजबूत जगह मिलेगी. सरकार और FIEO की संयुक्त कोशिश से यह ट्रेड शो उत्तर प्रदेश को 'ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट हब' बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.