सूर्या हत्याकांड के बाद खोड़ा में हाई अलर्ट, जुमे की नमाज को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सूर्या हत्याकांड को लेकर पूरे देश में चर्चा है. आरोपी असद की मौत के बाद आज पहला जुमा है. पुलिस ने खोड़ा में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है.
ईद के दिन गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में हुए सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल है. इसी बीच पुलिस ने शुक्रवार की जुमे की नमाज को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. हिंदू संगठनों द्वारा नमाज न होने देने की चेतावनी के मद्देनजर खोड़ा इलाके में एक हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं.
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि खोड़ा में नमाज के दौरान आधा दर्जन से अधिक थानों की फोर्स, आरपीएफ, आरएएफ और पीएसी के जवानों को तैनात किया गया है. इलाके की 19 मस्जिदों पर खास नजर रखी जा रही है.
पुलिस अधिकारी ने दी जानकारी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि तिराहों, चौराहों, मुख्य बाजार और संवेदनशील स्थानों पर भी पुलिस बल को तैनात किया गया है. अधिकारी ने साफ चेतावनी देते हुए कहा कि खोड़ा मिली-जुली आबादी वाला क्षेत्र है और यहां शांति भंग करने वाले किसी भी तत्व के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
बता दें कि बकरीद के दिन खोड़ा थाना क्षेत्र में असद नामक व्यक्ति ने सूर्या चौहान को कुर्बानी दिखाने की बात कहते हुए चाकू मारकर हत्या कर दी थी. सूर्या के भाई यश ने असद, नवाब, फरहान, आतिफ और सारिक समेत अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस मुठभेड़ में असद की मौत हो गई, जबकि अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. परिवार का कहना है कि इस हत्याकांड में कुल सात लोग शामिल थे, जिनमें से दो अभी फरार हैं. पुलिस ने जांच जारी रखते हुए बाकी आरोपियों की तलाश तेज कर दी है.
हिंदू संगठनों ने दी चेतावनी
इस घटना के बाद कई राजनेता और हिंदू संगठनों के पदाधिकारी मृतक के परिवार से मिलने पहुंचे. नोएडा सिटीजन फोरम की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह ने परिवार से मुलाकात की. उन्होंने सरकार से आरोपियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की. प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप भी स्वजनों से मिले. अखंड राष्ट्रीय हिंदू सेना के अध्यक्ष शिव प्रताप सिंह ने परिवार को 51 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी. साध्वी प्राची ने भी घटना की निंदा करते हुए परिवार को सांत्वना दी. हिंदू संगठनों के कुछ पदाधिकारियों ने जुमे की नमाज रोकने की चेतावनी दी थी, जिसके बाद पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई.