बाल पकड़कर खींचा, फर्श पर घसीटा...पूर्व सपा विधायक गुड्डू पंडित का पत्नी से मारपीट का वीडियो वायरल

पूर्व सपा विधायक भगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित का पत्नी अर्चना पंडित से मारपीट का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. घटना 2 सितंबर की बताई जा रही है. मामले में एफआईआर भी दर्ज हुई है.

@Bhaveshlivelife
Kuldeep Sharma

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पूर्व सपा विधायक गुड्डू पंडित एक कथित मारपीट के वीडियो को लेकर विवादों में हैं. 33 सेकंड के वायरल वीडियो में वह अपनी तीसरी पत्नी अर्चना पंडित के साथ हाथापाई करते नजर आ रहे हैं. अर्चना कांग्रेस की महिला इकाई से जुड़ी नेता हैं और घटना के बाद मामला दर्ज कराया गया.

वायरल वीडियो में क्या दिखा?

सोशल मीडिया पर सामने आए 33 सेकंड के वीडियो में भगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित एक महिला को बाल पकड़कर खींचते और उसके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. महिला की पहचान उनकी तीसरी पत्नी अर्चना पंडित के तौर पर की जा रही है. वीडियो में अर्चना जमीन पर पड़ी दिखाई देती हैं और मदद के लिए आवाज लगाती हैं. इसके बाद वह पास में रखी झाड़ू उठाकर गुड्डू पंडित पर हमला करती हैं और किसी तरह खुद को उनकी पकड़ से छुड़ाकर कमरे से बाहर चली जाती हैं.

यहां देखें वीडियो


2 सितंबर की घटना, दर्ज हुई एफआईआर

बताया जा रहा है कि यह घटना 2 सितंबर को दोनों के बीच हुए विवाद के बाद हुई. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर गुड्डू पंडित की आलोचना शुरू हो गई. मामले में उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है. हालांकि, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम और विवाद की पूरी पृष्ठभूमि को लेकर पुलिस की जांच महत्वपूर्ण होगी. अर्चना पंडित कांग्रेस की उत्तर प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष हैं. दोनों के आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की भी चर्चा है.

दो बार विधायक रह चुके हैं गुड्डू पंडित

भगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित बुलंदशहर की डिबाई विधानसभा सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं. उन्होंने 2007 का विधानसभा चुनाव बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर जीता था. इसके बाद 2012 में वह समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए और डिबाई सीट से दोबारा जीत दर्ज की. क्षेत्र की राजनीति में उनकी पहचान एक प्रभावशाली नेता के तौर पर रही है. हालांकि, उनका राजनीतिक सफर विवादों से भी अछूता नहीं रहा है.

2011 के मामले में हुई थी सजा

गुड्डू पंडित को अक्टूबर 2023 में अनूपशहर की विशेष एमपी-एमएलए अदालत ने 2011 के एक मामले में दोषी ठहराया था. अदालत ने उन्हें 14 महीने की जेल की सजा सुनाई थी. मामला विधानसभा चुनाव से जुड़े विवाद का था. आरोप था कि उन्होंने राकेश शर्मा नाम के एक व्यक्ति को चुनाव नहीं लड़ने की धमकी दी थी. फोन पर हुई बातचीत रिकॉर्ड की गई थी, जिसमें कथित तौर पर उन्हें पुलिस मुठभेड़ में मरवाने की धमकी देते सुना गया था. अब 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उनके डिबाई से फिर मैदान में उतरने की चर्चा है. यह सीट फिलहाल बीजेपी के चंद्रपाल सिंह के पास है और कभी पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह भी यहां से विधायक रह चुके हैं.