रेस्टोरेंट में गंदगी, कॉकरोच और एक्सपायर्ड सामान! UP के 5 शहरों में छापा; 7 लाइसेंस पर कार्रवाई की तैयारी

उत्तर प्रदेश के पांच जिलों में खाद्य सुरक्षा विभाग ने फास्ट फूड और रेस्टोरेंट की जांच की. गंदगी, कीड़े, एक्सपायर्ड सामग्री और वेज-नॉनवेज अलग न रखने जैसी कमियां मिलीं. सात यूनिट्स के लाइसेंस निलंबन की संस्तुति हुई.

india daily
Kuldeep Sharma

उत्तर प्रदेश में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने पांच जिलों में विशेष अभियान चलाया. कानपुर, आगरा, गाजियाबाद, प्रयागराज और वाराणसी में रेस्टोरेंट और फास्ट फूड प्रतिष्ठानों की जांच हुई. कई जगह स्वच्छता के मानकों की अनदेखी और खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव में गंभीर कमियां मिलीं.

पांच जिलों में चला सघन जांच अभियान

‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत विभाग की टीमों ने पांच जिलों में खाद्य कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया. जांच के दौरान कई जगह किचन और प्रोसेसिंग एरिया की सफाई बेहद खराब मिली. नालियों में गंदा पानी और कचरा जमा था, जबकि कुछ स्थानों पर कीड़े और चूहों की मौजूदगी भी सामने आई. विभाग के मुताबिक, ऐसी परिस्थितियों से खाद्य पदार्थ दूषित होने और क्रॉस-कॉन्टेमिनेशन का खतरा बढ़ सकता है. निरीक्षण के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई शुरू की गई.

कानपुर और वाराणसी में भी मिलीं खामियां

कानपुर के टुंडे कबाबी में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में दुर्गंध, कच्चे मांस के अनुचित रखरखाव और वेज-नॉनवेज खाद्य पदार्थों को अलग रखने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं मिली. नाली में पानी जमा होने से भी परेशानी सामने आई. वहीं वाराणसी के वॉव मोमोज में पैक्ड खाद्य सामग्री पर भविष्य की निर्माण तिथि अंकित होने की स्थिति मिली. परिसर में एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक और सॉस भी रखे पाए गए.


आगरा और गाजियाबाद में गंभीर अनियमितताएं

आगरा के अमृतसरी कुलचा में साफ-सफाई की स्थिति खराब मिली. खाद्य सामग्री की पैकिंग के लिए अनुचित कागज का इस्तेमाल हो रहा था और दीवारों से पेंट निकल रहा था. एक्सपायर्ड सामग्री भी मिली. गाजियाबाद में एसी एंटरप्राइज के डीप फ्रीजर में चिकन-मटन से रक्त रिसाव और वेज-नॉनवेज अलग न रखने की कमी सामने आई. फ्लॉको क्लॉक्ज, नाथूस और बीकानेरवाला में भी गंदगी, कीड़े, खराब ड्रेनेज और अनुचित खाद्य भंडारण जैसी समस्याएं मिलीं.

सात यूनिट्स के लाइसेंस निलंबन की संस्तुति

विभाग ने गंभीर कमियों को देखते हुए जनहित में सात यूनिट्स के लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की है. नाथूस और बीकानेरवाला समेत कुछ प्रतिष्ठानों में कीड़े, खुले डस्टबिन, गंदे उपकरण और खाद्य पदार्थों के अनुचित भंडारण जैसी कमियां मिलीं. विभाग ने साफ किया कि खाद्य कारोबारियों के लिए स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, वेज-नॉनवेज का उचित पृथक्करण और क्रॉस-कॉन्टेमिनेशन की रोकथाम जरूरी है. नियमों का उल्लंघन मिलने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.