यमुना एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस पलटी, 2 दर्जन से अधिक यात्री घायल
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया।
मथुरा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर रविवार देर शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब यात्रियों से भरी डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर सड़क के बीचोंबीच पलट गई। हादसा नौहझील थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 76 के पास हुआ। बस नोएडा से दरभंगा (बिहार) जा रही थी और उसमें करीब 100 यात्री सवार थे।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया। बस के अंदर फंसे यात्रियों को निकालने के लिए शीशे तोड़े गए और एक-एक कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इस दुर्घटना में कई यात्री घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को एम्बुलेंस और सरकारी वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौहझील भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों की टीम घायलों की निगरानी कर रही है।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त बस (नंबर BR02PC2291) को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। कुछ देर के लिए एक्सप्रेस-वे पर जाम की स्थिति बनी रही, जिसे बाद में नियंत्रित कर लिया गया। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।