लखनऊ की प्रचंड गर्मी में 28 मिनट भी नहीं टिक पाए कॉकरोच पार्टी प्रमुख अभिजीत दिपके! मैदान छोड़कर भागे; छात्रों ने जताई नाराजगी

लखनऊ में इन दिनों तेज धूप और गर्मी पड़ रही है. प्रदर्शन स्थल पर छात्र पेड़ों की छांव में जगह ढूंढते नजर आए. अभिजीत दिपके जब कार्यक्रम में पहुंचे तो छात्रों ने उनका स्वागत किया, लेकिन कुछ देर बाद ही वे कार्यक्रम स्थल छोड़कर चले गए. छात्रों का कहना है कि नेता गर्मी सहन नहीं कर पाए और मात्र 28 मिनट में वापस लौट गए. 

X
Antima Pal

Cockroach Janata Party Lucknow Protest: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक व गड़बड़ियों के खिलाफ छात्रों का बड़ा प्रदर्शन शुक्रवार को ईको गार्डन में हुआ. इस आंदोलन में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दिपके महज 28 मिनट ही टिक पाए. भीषण गर्मी के चलते वे जल्दी ही इनोवा कार में बैठकर वहां से रवाना हो गए, जिससे छात्रों में काफी नाराजगी फैल गई.

आंदोलन में 28 मिनट ही टिक पाए अभिजीत दिपके! 

लखनऊ में इन दिनों तेज धूप और गर्मी पड़ रही है. प्रदर्शन स्थल पर छात्र पेड़ों की छांव में जगह ढूंढते नजर आए. अभिजीत दिपके जब कार्यक्रम में पहुंचे तो छात्रों ने उनका स्वागत किया, लेकिन कुछ देर बाद ही वे कार्यक्रम स्थल छोड़कर चले गए. छात्रों का कहना है कि नेता गर्मी सहन नहीं कर पाए और मात्र 28 मिनट में वापस लौट गए. 

छात्रों ने लगाया क्रेडिट चुराने का आरोप

छात्र संगठनों ने कॉकरोच जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि यह आंदोलन छात्रों और शिक्षकों का है. उन्होंने प्रयागराज में आंदोलन की घोषणा की थी और 29 मई के कार्यक्रम के दौरान 12 जून को लखनऊ प्रदर्शन का फैसला लिया गया था. एक छात्र नेता ने कहा- 'हम अपनी लड़ाई खुद लड़ रहे हैं. कॉकरोच पार्टी का इसमें कोई योगदान नहीं है. वे सिर्फ अपना क्रेडिट लेने आए थे.'


छात्रों का आरोप है कि पार्टी उनके आंदोलन का फायदा उठाना चाहती है. अभिजीत  दिपके ने प्रदर्शन स्थल पर संक्षिप्त बयान दिया. उन्होंने नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की. साथ ही कहा कि जहां भी छात्रों का प्रदर्शन होगा, वहां वे पहुंचकर उनका साथ देंगे. हालांकि उनके जल्दी जाने से छात्रों में निराशा फैल गई.

शिक्षकों में भी नाराजगी

इस प्रदर्शन में शिक्षक भी शामिल हुए थे. शिक्षकों ने भी कॉकरोच जनता पार्टी के रवैये पर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि ऐसे मुद्दों पर राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश सही नहीं है. छात्र और शिक्षक मिलकर परीक्षा सुधार की मांग कर रहे हैं. प्रशासन ने छात्रों को छह घंटे का प्रदर्शन करने की अनुमति दी थी. प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है. 

मुद्दा क्या है?

नीट परीक्षा समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और गड़बड़ियों के आरोप लग रहे हैं. छात्र मांग कर रहे हैं कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो और परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए. लखनऊ के इस प्रदर्शन के जरिए छात्र अपनी आवाज केंद्र और राज्य सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं. अभिजीत दीपके के छोटे से प्रदर्शन और जल्दी वापसी ने सोशल मीडिया पर भी चर्चा छेड़ दी है.