menu-icon
India Daily

जनता दर्शन में CM योगी ने दिया बड़ा भरोसा, इलाज से लेकर मकान तक... फरियाद सुनते ही अधिकारियों को दिए सख्त आदेश

गोरखपुर में जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं. उन्होंने जरूरतमंदों को सरकारी योजना के तहत आवास दिलाने और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
जनता दर्शन में CM योगी ने दिया बड़ा भरोसा, इलाज से लेकर मकान तक... फरियाद सुनते ही अधिकारियों को दिए सख्त आदेश
Courtesy: Pinterest

गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार दूसरे दिन भी जनता के बीच पहुंचे. शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में उन्होंने लोगों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. इस दौरान मुख्यमंत्री ने हर फरियादी की बात ध्यान से सुनी और संबंधित अधिकारियों को मामलों का त्वरित और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. जनता दर्शन में बड़ी संख्या में लोग अपनी विभिन्न समस्याएं लेकर पहुंचे थे. मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार हर पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने अधिकारियों से जन समस्याओं के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने और समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा.

करीब 200 लोगों से मिलकर सुनी एक-एक समस्या

गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की. वह स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक कर सभी की शिकायतें सुनीं. उन्होंने फरियादियों से प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए. साथ ही कहा कि सभी मामलों का समाधान प्रभावी और पारदर्शी तरीके से किया जाए.

आवास और इलाज को लेकर दिया भरोसा

जनता दर्शन में एक महिला ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसके पास रहने के लिए अपना मकान नहीं है. इस पर मुख्यमंत्री ने उसे सरकारी योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. वहीं इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को भी उन्होंने भरोसा दिलाया कि धन की कमी के कारण किसी भी जरूरतमंद का उपचार नहीं रुकेगा और सरकार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी.

गंभीर मरीजों के इलाज के लिए दिए निर्देश

कार्यक्रम के दौरान एम्स दिल्ली में उपचार करा रही एक महिला के मामले में मुख्यमंत्री ने राहत कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. वहीं दूसरी महिला की स्वास्थ्य संबंधी समस्या सुनने के बाद उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उसका इलाज गोरखपुर एम्स या बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सुनिश्चित कराया जाए, ताकि उसे समय पर बेहतर चिकित्सा मिल सके.

जमीन कब्जाने वालों पर सख्त कार्रवाई के आदेश

जनता दर्शन में कुछ लोगों ने जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत भी मुख्यमंत्री के सामने रखी. इस पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि कोई दबंग किसी की जमीन पर जबरन कब्जा करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

बच्चों को दुलार, शिक्षा का दिया संदेश

जनता दर्शन में कई लोग अपने बच्चों के साथ भी पहुंचे थे. मुख्यमंत्री ने बच्चों को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया और उन्हें चॉकलेट भेंट की. उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया. साथ ही अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को स्कूल जरूर भेजें, ताकि उनका भविष्य बेहतर बन सके.