NEET अभ्यर्थियों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा, रोडवेज बसों में मिलेगा 50 फीसदी किराये का लाभ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा के लिए प्रदेशभर के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है. परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में आधे किराये पर यात्रा की सुविधा मिलेगी. साथ ही परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं.
लखनऊ: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण घोषणा की है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 21 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा के मद्देनजर अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों में किराये पर 50 प्रतिशत छूट देने का निर्णय लिया है.
सीएम योगी ने मंगलवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में परीक्षा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्थाओं और अभ्यर्थियों की सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं. इस फैसले का उद्देश्य छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में आर्थिक राहत प्रदान करना और उनकी यात्रा को सुगम बनाना है.
साढ़े तीन लाख से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 59 जिलों में नीट परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें लगभग साढ़े तीन लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है. इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए प्रशासन और परिवहन विभाग को विशेष तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं. सरकार के निर्णय के अनुसार परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र अपने प्रवेश पत्र को बस परिचालक को दिखाकर आधे किराये पर यात्रा कर सकेंगे. माना जा रहा है कि इससे विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को काफी लाभ मिलेगा.
Also Read
दूसरे जिलों में परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए विशेष व्यवस्था
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने उन छात्रों की समस्याओं पर भी ध्यान दिया, जिन्हें अपने गृह जिले से बाहर जाकर परीक्षा देनी होगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे अभ्यर्थियों के लिए अस्थायी आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिनके पास परीक्षा केंद्र वाले शहर में ठहरने की कोई व्यवस्था नहीं है. उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी विद्यार्थी को आवास, परिवहन या अन्य बुनियादी सुविधाओं के अभाव में परेशानी नहीं होनी चाहिए. जिला प्रशासन को स्थानीय स्तर पर समन्वय बनाकर आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सुरक्षा और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा आयोजन में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए. उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहे, अभ्यर्थियों की जांच निर्धारित मानकों के अनुसार हो और किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जाए. परीक्षा केंद्रों पर संवेदनशीलता और अनुशासन दोनों का संतुलन बनाए रखने पर भी जोर दिया गया.