प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर को आज मिलेगी विकास की बड़ी सौगात, सीएम योगी करेंगे करोड़ों की परियोजनाओं का शुभारंभ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर में 1200 करोड़ रुपये से अधिक लागत की कुल 210 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे.

Pinterest
Km Jaya

प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर जिलों को बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि दोनों जिलों में स्वास्थ्य, विकास और जन कल्याण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा.

मुख्यमंत्री के अनुसार प्रतापगढ़ और विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्रों में 384 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 111 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास होगा. इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना और लोगों को बेहतर सार्वजनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है.


कितने विकास परियोजनाओं की होगी शुरुआत?

इसी तरह सुल्तानपुर और इसौली विधानसभा क्षेत्रों में 819 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 99 विकास परियोजनाओं की शुरुआत की जाएगी. इन परियोजनाओं में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, आधारभूत ढांचा और अन्य जनहित से जुड़े कार्य शामिल हैं. सरकार का कहना है कि इन योजनाओं से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकारी मेडिकल कॉलेज समेत कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का शुभारंभ भी करेंगे. इससे स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है और क्षेत्र में चिकित्सा सेवाओं का विस्तार होगा.

क्या है सरकार का उद्देश्य?

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता भी वितरित की जाएगी. पात्र लोगों को चेक, आयुष्मान कार्ड, सिलाई मशीनें, स्वीकृति पत्र, आवास की चाबियां, प्रमाण पत्र और प्रशंसा पत्र दिए जाएंगे. सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना है.

सीएम ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी विकास परियोजनाएं विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूत करेंगी और प्रदेश के समग्र विकास में नई ऊर्जा का संचार करेंगी. सरकार का दावा है कि बुनियादी ढांचे के विस्तार, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और जन कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा.

प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों के जरिए सरकार विकास कार्यों की प्रगति को आगे बढ़ाने के साथ विभिन्न वर्गों के लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर भी जोर दे रही है. इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है.