वाराणसी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार शाम को अपने दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंच रहे हैं. इस दौरान वे धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होंगे और शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारंभ करेंगे. जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के अनुसार मुख्यमंत्री मंगलवार शाम 6 बजे के बाद पुलिस लाइन हेलीपैड पर लैंड करेंगे. वहां से वे सीधे श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे.
काशी में भगवान विश्वनाथ के दर्शन करना उनके कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण है. दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री रोहनिया स्थित होटल लेमन ट्री जाएंगे. यहां राज्य मंत्री दयाशंकर मिश्र 'दयालु' के बेटे अनिमेश मिश्र की शादी में शामिल होंगे. रात में वे सर्किट हाउस में विश्राम करेंगे.
दूसरे दिन यानी बुधवार को मुख्यमंत्री बड़ा लालपुर स्थित हस्तकला संकुल में बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों तथा शिक्षामित्रों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा की शुरुआत करेंगे. इस योजना से शिक्षकों को बिना पैसे दिए बेहतर इलाज की सुविधा मिल सकेगी. इसके अलावा मुख्यमंत्री प्रदेश भर के लाखों छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में एक करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए ट्रांसफर करेंगे.
यह कदम गरीब और मेधावी छात्रों को आर्थिक मदद पहुंचाने में सहायक साबित होगा. कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पुलिस लाइन पहुंचकर मिर्जापुर के विंध्याचल के लिए रवाना हो जाएंगे.
सीएम के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात की विशेष व्यवस्था की है. गोदौलिया से मैदागिन तक का मार्ग नो व्हीकल जोन रहेगा. इस दौरान किसी भी प्रकार के वाहनों को आने-जाने की अनुमति नहीं होगी. ट्रैफिक विभाग ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है.