US Israel Iran War

आज तीन जिलों में बड़ा धमाका करेंगे CM योगी! देंगे 1350 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास योजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को बुलंदशहर, अमरोहा और संभल के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह 1350 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. बहजोई जिला अस्पताल, चंदौसी बस स्टेशन और संभल यूपीएसआरटीसी डिपो जैसी कई बड़ी परियोजनाएं भी शामिल हैं.

ANI
Babli Rautela

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तीन महत्वपूर्ण जिलों बुलंदशहर, अमरोहा और संभल के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह 1350 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. मुख्यमंत्री विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे और प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं की जानकारी जनता के सामने रखेंगे.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरे की शुरुआत बुलंदशहर से करेंगे. सुबह करीब 11 बजकर 25 मिनट पर वह रज्जू भइया सैनिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. इसके बाद नुमाइश मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री 574.56 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इन परियोजनाओं का उद्देश्य जिले में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना और लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है.

अमरोहा में 43 परियोजनाओं की देंगे सौगात

बुलंदशहर के बाद मुख्यमंत्री दोपहर करीब 12 बजकर 30 मिनट पर अमरोहा पहुंचेंगे. यहां श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस अवसर पर मुख्यमंत्री 207 करोड़ रुपये की 32 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे. साथ ही 69.162 करोड़ रुपये की 11 नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे. इन योजनाओं से जिले में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है.


संभल में मिलेगी 568 करोड़ की विकास परियोजनाएं

दोपहर करीब पौने तीन बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संभल पहुंचेंगे. यहां वह कुल 568.989 करोड़ रुपये की 66 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. इनमें 500.023 करोड़ रुपये की 54 परियोजनाओं का शिलान्यास और 68.966 करोड़ रुपये की 12 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है. इन योजनाओं के पूरा होने के बाद जिले में स्वास्थ्य, परिवहन और बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की संभावना है.

संभल जिले में जिन प्रमुख परियोजनाओं की शुरुआत होने जा रही है उनमें बहजोई में 100 बेड का आधुनिक जिला चिकित्सालय, चंदौसी में नया बस स्टेशन और संभल में यूपीएसआरटीसी डिपो कार्यशाला का निर्माण प्रमुख है. इन परियोजनाओं से स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, आधुनिक परिवहन व्यवस्था और रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.