'बदल गई यूपी की तस्वीर', देवरिया में गरजे योगी; SP और कांग्रेस पर साधा निशाना
देवरिया में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में उत्तर प्रदेश 'बीमारू' राज्य बन गया था और माफिया का प्रभाव था.
देवरिया: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को देवरिया में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस की सरकारों के दौरान उत्तर प्रदेश की पहचान एक 'बीमारू' राज्य के तौर पर बन गई थी, लेकिन भाजपा सरकार में हालात पूरी तरह बदल गए हैं. आज उत्तर प्रदेश ने देश और दुनिया में सम्मानजनक पहचान बनाई है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश के नाम से किसी को शर्मिंदगी महसूस नहीं होती. राज्य अपने नाम और पहचान के अनुरूप आगे बढ़ रहा है. उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में प्रदेश से माफिया राज का पूरी तरह अंत कर दिया गया है.
सपा-कांग्रेस सरकारों पर लगाया गंभीर आरोप
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा और कांग्रेस की सरकारों के समय उत्तर प्रदेश में समानांतर माफिया व्यवस्था चलती थी. उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में अपराध और माफिया का प्रभाव इतना बढ़ गया था कि आम लोगों का जीवन मुश्किल हो गया था. भाजपा सरकार ने इस व्यवस्था को पूरी तरह खत्म करने का काम किया है.
Also Read
मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय की सरकारों की मानसिकता बेहद खराब थी. उन्होंने दावा किया कि चार दशक में 50 हजार से अधिक निर्दोष लोगों की जान गई, लेकिन तत्कालीन सपा और कांग्रेस के मुख्यमंत्री तथा कांग्रेस के प्रधानमंत्री हालात देखने के लिए वहां नहीं पहुंचे.
अखिलेश यादव से माफी मांगने को कहा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा की राजनीतिक स्थिति अब लोगों के सामने स्पष्ट है और पार्टी की हार तय है. उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से जनता से अपनी सरकार की कथित विफलताओं के लिए माफी मांगने को कहा.
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में आम लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए कई योजनाएं लागू की हैं. उन्होंने दावा किया कि कानून व्यवस्था में सुधार हुआ है और माफिया के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई है.
मुफ्त बस यात्रा योजना को लेकर अखिलेश पर तंज
मुख्यमंत्री ने मुफ्त बस यात्रा योजना का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि 26 तारीख को योजना शुरू होने के बाद सपा के बाबुआ अचानक नींद से जागे और जल्दबाजी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी.
योगी ने कहा कि अखिलेश यादव दोपहर में जागते हैं और उनके शिक्षक भी उन्हें समझाने की कोशिश करते हैं, लेकिन वह बात नहीं समझ पाते. मुख्यमंत्री ने इस अंदाज में सपा प्रमुख पर निशाना साधते हुए उनकी राजनीतिक सक्रियता पर सवाल उठाया.