CM शुभेंदु PA हत्याकांड: वाराणसी से एक और शूटर गिरफ्तार, यूपी से 3 आरोपी पकड़े गए
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में CBI ने वाराणसी से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में CBI ने वाराणसी से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी, विनय राय उर्फ 'पंपम' (40), गाजीपुर जिले के देवरिया गांव का रहने वाला है. CBI टीम ने मंगलवार को आरोपी को अदालत में पेश किया, जिसके बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच बंगाल ले जाया गया.
वाराणसी से तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी
CBI अधिकारियों के मुताबिक, वाराणसी से गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है. इससे पहले सोमवार को एजेंसी ने मुजफ्फरनगर से राजकुमार सिंह को पकड़ा था. उसे इस मामले का मुख्य शूटर बताया जा रहा है. वहीं 10 मई को अयोध्या से राज सिंह को गिरफ्तार किया गया था. तीनों आरोपी उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से जुड़े बताए जा रहे हैं. जांच एजेंसी का मानना है कि हत्या की साजिश काफी पहले तैयार की गई थी और इसमें कई लोगों की भूमिका सामने आ सकती है.
बलिया जेल में बनी थी साजिश
हत्याकांड की योजना उत्तर प्रदेश की बलिया जेल में बनाई गई थी. मुख्य आरोपी राजकुमार सिंह पहले एक दूसरे मामले में जेल जा चुका था. वहीं उसकी मुलाकात राज सिंह से हुई थी. उसे इस पूरे केस का मास्टरमाइंड माना जा रहा है. जेल में दोनों के बीच दोस्ती हुई और बाद में इसी नेटवर्क के जरिए हत्या की योजना तैयार की गई. CBI अब जेल के भीतर हुई बातचीत और संपर्कों की भी जांच कर रही है.
चुनाव के बाद हुई थी हत्या
चंद्रनाथ रथ की हत्या 6 मई को हुई थी, ठीक दो दिन पहले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आए थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावरों ने उनकी कार को बीच रास्ते में रोका और ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं. रथ को सीने और पेट में गोलियां लगी थी.
जांच के दायरे में कई और लोग
CBI अब इस केस में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है. एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे सिर्फ निजी रंजिश थी या इसके राजनीतिक संबंध भी थे.