आराधना मिश्रा के कार्यभार ग्रहण करते ही कांग्रेस मुख्यालय में बवाल, चले जूते-चप्पल; धरने पर बैठे अजय राय

उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में रविवार को आराधना मिश्रा मोना के कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया.

@Benarasiyaa X Account
Km Jaya

उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में रविवार को पार्टी की नई प्रदेश प्रभारी आराधना मिश्रा मोना के कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा हुआ. कार्यक्रम के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति बन गई. इस दौरान जूते-चप्पल चलने की बात भी सामने आई.

घटना के बाद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय नाराज होकर अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए. बताया जा रहा है कि आराधना मिश्रा मोना के कार्यभार ग्रहण करने के दौरान अजय राय के समर्थकों के साथ कथित तौर पर बदसलूकी हुई. आरोप है कि कुछ कार्यकर्ताओं के साथ गाली-गलौच भी की गई.

कैसी थी वहां की स्थिति?

इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दो गुटों के बीच कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई. स्थिति कुछ ही देर में ज्यादा बिगड़ गई और मारपीट की नौबत आ गई. इस दौरान जूते-चप्पल चलने की बात सामने आई. घटना के वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है, जिनमें पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच विवाद और हंगामा दिखाई दे रहा है.


अजय राय धरने पर बैठे

घटना से नाराज पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस मुख्यालय में ही धरने पर बैठ गए. उन्होंने कथित बदसलूकी को लेकर नाराजगी जताई. उनके समर्थकों का आरोप है कि पार्टी के कार्यक्रम में उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार नहीं किया गया.

आराधना मिश्रा मोना के कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान हुए इस हंगामे ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के भीतर चल रही खींचतान को लेकर भी चर्चा तेज कर दी है. हालांकि, विवाद की पूरी वजह और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. पार्टी मुख्यालय में हुए इस घटनाक्रम के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच तनाव की स्थिति बन गई. अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इस मामले में क्या कदम उठाता है और घटना को लेकर क्या आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आती है.