मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुनी फरियाद, बोले- '15 दिनों में करें मामलों का निस्तारण'
सीएम योगी ने 200 से अधिक फरियादियों को व्यक्तिगत रूप से सुना और हर समस्या का समाधान कराने का भरोसा दिलाया. जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से किया जाए.
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए गोरखनाथ मंदिर में फरियादियों की सुनवाई की. गोरखपुर प्रवास के तीसरे दिन सोमवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में हजारों लोगों ने अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे.
CM योगी ने सुनी फरियाद
सीएम योगी ने 200 से अधिक फरियादियों को व्यक्तिगत रूप से सुना और हर समस्या का समाधान कराने का भरोसा दिलाया. जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से किया जाए.
'मामलों का निस्तारण 15 दिनों के अंदर सुनिश्चित करें'
उन्होंने कहा- 'मामलों का निस्तारण 15 दिनों के अंदर करना सुनिश्चित करें. पीड़ित व्यक्ति से फीडबैक भी अवश्य लें. शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.'
Also Read
जमीन विवाद पर सख्ती
जमीन संबंधी विवाद लेकर आए कई लोगों की शिकायतें सुनकर सीएम योगी ने नाराजगी जताई. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दबंगों और भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. किसी भी निर्दोष व्यक्ति को परेशान नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि कानून का राज स्थापित करना सरकार की प्राथमिकता है और हर व्यक्ति को न्याय मिलना चाहिए.
इलाज के लिए आए लोगों को आश्वासन
मंदिर में कई लोग इलाज और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर भी पहुंचे थे. मुख्यमंत्री ने उन्हें तुरंत मदद का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि सभी का इलाज सुनिश्चित किया जाएगा. किसी को भी चिकित्सा सुविधा के अभाव में परेशानी नहीं होनी चाहिए.
सीएम योगी ने फरियादियों से अपील की कि किसी को भी चिंता करने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा- 'आपकी हर समस्या का समाधान होगा.सरकार आपके साथ है.' उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को हल करना हमारा दायित्व है और इसमें कोई कोताही नहीं होनी चाहिए.
जनता दर्शन का मकसद
गोरखनाथ मंदिर में नियमित रूप से आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम मुख्यमंत्री योगी की जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है. इस दौरान आम लोग सीधे मुख्यमंत्री से अपनी बात रख पाते हैं. इस बार भी सैकड़ों लोग दूर-दूर से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे. सीएम ने धैर्यपूर्वक सबकी बात सुनी और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.