राम मंदिर को 4 करोड़ दान का चेक देने वाली श्रद्धालु के खाते में निकले सिर्फ 3 रुपये, फंसा चेक
चेन्नई की महिला श्रद्धालु ने अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट को 4 करोड़ रुपये का सशर्त चेक सौंपा था, लेकिन बैंक जांच में उसके खाते में केवल 3 रुपये पाए गए.
अयोध्या राम मंदिर में दर्शन करने आईं चेन्नई की श्रद्धालु एस. नागलक्ष्मी द्वारा दिया गया चार करोड़ रुपये का चेक चर्चा में आ गया है. महिला ने 25 अगस्त को रामलला के दर्शन के बाद 10 हजार रुपये का नकद दान दिया और साथ ही 4 करोड़ रुपये का एक चेक ट्रस्ट को सौंपा.
शर्त और बैंक बैलेंस की सच्चाई
महिला ने शर्त रखी थी कि इस राशि का उपयोग केवल मंदिर के कर्मचारियों और सेवादारों की सुविधाओं पर किया जाए और इसके लिए लिखित आश्वासन मांगा था. जब ट्रस्ट ने चेक भुगतान के लिए बैंक में जमा किया, तो पड़ताल में खाते में महज 3 रुपये का बैलेंस निकला.
बैंक और ट्रस्ट की अगली कार्रवाई
खाते में पर्याप्त राशि न होने के कारण बैंक महिला श्रद्धालु को नोटिस जारी करने की तैयारी में है. चेक बाउंस होने पर कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है. हालांकि, राम मंदिर ट्रस्ट पहले महिला से संपर्क कर मामले की सही स्थिति समझने का प्रयास कर रहा है.
Also Read
लिखित आश्वासन से जुड़ा पेच
सूत्रों के अनुसार, महिला की मंशा दान की रकम का सही उपयोग सुनिश्चित करने की थी. संभवतः ट्रस्ट से लिखित आश्वासन न मिलने के कारण उन्होंने खाते में 4 करोड़ रुपये हस्तांतरित नहीं किए थे. ट्रस्ट के अधिकारी फिलहाल इस मुद्दे पर बातचीत कर रहे हैं.