कभी गंजा होकर तो कभी विग लगाकर करता था चोरी, जानें कैसे शातिर अपराधी ने 'आपदा को अवसर' में बदला
बुलंदशहर के सिकंदराबाद क्षेत्र में पुलिस और बाइक सवार बदमाशों की मुठभेड़ में कुख्यात लुटेरा जीतू गोली लगने से घायल हुआ, जबकि उसका साथी फरार हो गया. पुलिस ने तमंचा, कारतूस, नकदी, चोरी की बाइक और उसकी पहचान छिपाने वाली विग बरामद की.
बुलंदशहर: थाना सिकंदराबाद क्षेत्र में बुधवार सुबह पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. जवाबी कार्रवाई में कुख्यात लुटेरा जीतेंद्र उर्फ जीतू गोली लगने से घायल हो गया. जीतू लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था और अपने गंजे सिर को छिपाने के लिए वारदातों के दौरान नकली बालों वाली विग का इस्तेमाल करता था, जिससे उसकी पहचान मुश्किल हो जाती थी.
जानकारी के अनुसार, सुबह जीतू अपने एक साथी के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से बाइक पर निकला था. उनकी गतिविधियों की भनक लगते ही पुलिस ने इलाके में गश्त और निगरानी बढ़ा दी थी. इसी दौरान फरीदपुर कट के पास स्थित बिजलीघर के निकट पुलिस टीम ने संदिग्ध बाइक को रुकवाने का प्रयास किया.
बदमाशों ने रुकने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी गोली चलाई. इस मुठभेड़ में जीतू के पैर में गोली लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा. वहीं, उसका दूसरा साथी अंधेरे और मौके की अफरातफरी का फायदा उठाकर वहां से भागने में सफल रहा.
Also Read
मौके से भारी मात्रा में सामान बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से एक तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस, नकदी, चोरी की बाइक और वह विग बरामद की है, जिसे जीतू अपराध के दौरान अपनी पहचान छिपाने के लिए इस्तेमाल करता था. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विग का उपयोग कर वह सीसीटीवी फुटेज में भी पकड़ से बच जाता था, जिससे कई मामलों में उसकी पहचान नहीं हो पाती थी.
अस्पताल में इलाज जारी, लंबा आपराधिक इतिहास उजागर
घायल बदमाश को पुलिस तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है. अधिकारियों के अनुसार, जीतू पर दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कुल 38 आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें लूट, चोरी, हथियारों की खरीद-बिक्री और पुलिस पर हमला जैसी गंभीर धाराएँ शामिल हैं.
फरार साथी की तलाश जारी
पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश में इलाके में सघन कॉम्बिंग अभियान शुरू कर दिया है. आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकिंग बढ़ा दी गई है. पुलिस का कहना है कि दोनों बदमाश किसी बड़ी वारदात की फिराक में थे, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया. स्थानीय पुलिस इस मुठभेड़ को क्षेत्र की सुरक्षा के लिए बड़ी सफलता मान रही है और अब फरार साथी की गिरफ्तारी पर फोकस किया जा रहा है.