Commonwealth Games 2026

'मेरी आत्मा भटकती रहे... पत्नी मेरी लाश को न छुए', सहारनपुर में बॉडी बिल्डर-क्लर्क ने खुद को गोली मारकर दी जान

सहारनपुर में 52 वर्षीय क्लर्क और बॉडी बिल्डर ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. भांजी को भेजे अपने आखिरी व्हाट्सऐप मैसेज में उन्होंने लिखा कि उनकी पत्नी को उनके पार्थिव शरीर को छूने न दिया जाए.

X
Sagar Bhardwaj

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के सरसावा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक 52 वर्षीय क्लर्क और बॉडी बिल्डर ने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर जान दे दी. घटना शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है. गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे तो वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले. उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की.

रिश्तेदार को भेजा भावुक संदेश

मृतक की पहचान देवदत्त शर्मा के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, उन्होंने घटना से पहले अपनी भांजी को व्हाट्सऐप पर एक संदेश भेजा था. संदेश में उन्होंने लिखा कि वह लगातार अपमान महसूस कर रहे हैं और अब उसे सहन नहीं कर पा रहे. उन्होंने यह भी लिखा कि उनकी पत्नी को उनकी पार्थिव देह छूने न दी जाए, अंतिम संस्कार में अधिक खर्च न किया जाए और उनकी आत्मा की शांति के लिए कोई धार्मिक कार्यक्रम न कराया जाए. पुलिस इस संदेश की सत्यता और परिस्थितियों की जांच कर रही है.

जिम संचालक के साथ कॉलेज में भी करते थे नौकरी

देवदत्त शर्मा वर्ष 2000 से अपने घर के पीछे एक जिम का संचालन कर रहे थे और पिछले करीब दो वर्षों से एक निजी कॉलेज में क्लर्क के पद पर कार्यरत थे. उन्हें लगभग 17 हजार रुपये मासिक वेतन मिलता था. परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं. बड़ा बेटा दुबई में नौकरी करता है, जबकि छोटा बेटा चंडीगढ़ में फोरेंसिक की पढ़ाई कर रहा है और पावरलिफ्टिंग में कई पदक जीत चुका है.


पड़ोसियों ने अस्पताल पहुंचाया, मौके से मिला हथियार

स्थानीय लोगों के अनुसार, देवदत्त शाम को जिम से लौटने के बाद घर पहुंचे थे. कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज आई. पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. पुलिस ने घटनास्थल से एक तमंचा और खोखा बरामद किया है. फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई है.

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. मृतक द्वारा भेजे गए संदेश, बरामद हथियार और अन्य साक्ष्यों की विस्तृत जांच की जा रही है. परिजनों से भी पूछताछ की गई है. पुलिस के अनुसार, पत्नी ने किसी गंभीर विवाद से इनकार किया है. अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद ही घटना के कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा.