वृंदावन में बड़ा हादसा, यमुना में श्रद्धालुओं से भरी नाव पलटने से 10 की मौत, कई लापता
वृंदावन में यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरी नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया. इस हादसे में अब तक 10 लोगों के मारे जाने की खबर है जबकि कई लोग लापता है. घटना स्थल पर राहत व बचाव कार्य जारी है.
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरी एक नाव पलटने से करीब 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं. हादसे के तुरंत बाद प्रशासन और बचाव दल सक्रिय हो गए, लेकिन हादसे की भयावहता ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है. यह हादसा उस समय हुआ, जब श्रद्धालु दर्शन के बाद नाव से लौट रहे थे.
डीएम ने की 6 लोगों की मौत की पुष्टि
हादसे की जानकारी मिलते ही मथुरा के डीएम चंद प्रकाश सिंह दल-बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे. पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि लुखियाना से करीब 30 श्रद्धालु दर्शन के लिए आए हुए थे और दो नाव से वृंदावन का दर्शन कर रहे थे तभी एक नाव पलट गई जिसमें कई लोगों के डूबने की आशंका है. उन्होंने कहा कि अभी तक 14 से अधिक लोगों को बचा लिया गया है और 6 लोगों की मौत हुई है. डीएम ने कहा कि राहत व बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है.
उन्होंने कहा कि डूबे हुए लोगों को बचाने के लिए आर्मी और एनडीआरएफ की मदद ली जा रही है. उन्होंने कहा कि यहां लोकल गोताखोर काफी संख्या में रहते हैं. ये इलाका उन्हीं का है और इसलिए बाकी गोताखोर भी लोगों को बचाने में लगे हुए हैं.
सीएम योगी ने लिया संज्ञान
डीएम ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल घटना का संज्ञान लेते हुए तेजी से राहत व बचाव कार्य करने और घायलों का इलाज कराने के निर्देश दिए हैं.