यूपी 2027 के चुनाव से पहले बीजेपी का मास्टरस्ट्रोक, नितिन नवीन ने योगी आदित्यनाथ को लेकर किया बड़ा ऐलान
बीजेपी ने 2027 यूपी विधानसभा चुनाव के लिए योगी आदित्यनाथ को ही चेहरा बनाने का ऐलान किया है. पार्टी ने उनके नेतृत्व में तीसरी बार सरकार बनाने का दावा किया है.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है. इसी बीच बीजेपी ने चुनावी रणनीति को लेकर बड़ा संकेत दे दिया है. पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन ने साफ कर दिया है कि आगामी चुनाव में पार्टी योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही मैदान में उतरेगी.
एक इंटरव्यू में नितिन नवीन ने स्पष्ट कहा कि योगी आदित्यनाथ वर्तमान में मुख्यमंत्री हैं और उनके नेतृत्व में सरकार चल रही है, इसलिए 2027 के चुनाव में भी वही पार्टी का चेहरा होंगे. इस बयान के साथ ही बीजेपी ने अपने चुनावी पत्ते खोल दिए हैं और यह संकेत दे दिया है कि पार्टी नेतृत्व में कोई बदलाव नहीं होगा.
बीजेपी ने और क्या किया ऐलान?
बीजेपी ने न सिर्फ चेहरे का ऐलान किया है, बल्कि राज्य में सत्ता की हैट्रिक लगाने का दावा भी किया है. नितिन नवीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकार की उपलब्धियां, खासकर कानून व्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, जनता के सामने साफ दिखाई दे रहे हैं. उनका मानना है कि इन्हीं मुद्दों के आधार पर जनता एक बार फिर बीजेपी को समर्थन देगी.
उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश को अपराध और वसूली के लिए जाना जाता था, लेकिन अब राज्य की पहचान बदल चुकी है. आज यूपी एक्सप्रेसवे, निवेश और बेहतर कानून व्यवस्था के लिए जाना जाता है. उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर यूपी को ‘उत्तम प्रदेश’ बनाने की दिशा में काम कर रही हैं.
बीजेपी अध्यक्ष ने क्या कहा?
बीजेपी अध्यक्ष ने सरकार की योजनाओं का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि गरीबों के लिए चलाई गई योजनाएं जमीन तक पहुंची हैं और इसका फायदा आम लोगों को मिला है. साथ ही राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश आ रहा है, जिससे रोजगार और विकास को बढ़ावा मिल रहा है.
नितिन नवीन ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सबसे बड़ी ताकत उनकी कानून व्यवस्था पर पकड़ है, जो जमीनी स्तर पर दिखाई देती है. उनका मानना है कि यही वजह है कि राज्य के कई शहर तेजी से विकसित हो रहे हैं और जनता का भरोसा सरकार पर बना हुआ है.