किडनेप कर बेरहमी से की पिटाई फिर गाड़ी से कुचला... वकील का मर्डर कर सड़क किनारे फेंककर फरार हुआ बहनोई
उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में शनिवार शाम एक एडवोकेट का अपहरण करने के बाद उसकी बेरहमी से पिटाई की गयी और बाद में एक वाहन से कुचल कर हत्या कर दी गयी. एडवोकेट की बहन का अपने पति से तलाक को लेकर मुकदमा जारी है और इसी मामले की पैरवी के लिए वह वहां गए थे.
UttarPradesh Basti Murder: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में शनिवार शाम एक एडवोकेट का अपहरण करने के बाद उसकी बेरहमी से पिटाई की गयी और बाद में एक वाहन से कुचल कर हत्या कर दी गयी. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. पुलिस के अनुसार, कप्तानगंज थानाक्षेत्र के बैदोलिया अजायब इलाके के रहने वाले एडवोकेट चंद्रशेखर यादव (50) ‘थाना समाधान दिवस’ सम्मेलन में शामिल होने के लिए कप्तानगंज गये थे.
बेरहमी से पिटाई कर गाड़ी से कुचला
पुलिस ने बताया कि जब देर शाम चंद्रशेखर बाइक से घर लौट रहे थे तो हर्रैया थानाक्षेत्र के नारायणपुर गांव के पास स्कार्पियो सवार बदमाशों ने उनका अपहरण कर लिया पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अपहरण की सूचना जब तक पुलिस को मिलती, तब तक अपहरणकर्ताओं ने उनकी बेरहमी से पिटाई कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और वाल्टरगंज क्षेत्र में गनेशपुर चौरवा पेट्रोल पंप के पास सड़क पर फेंक दिया.
उन्होंने बताया कि भागते समय बदमाशों ने गाड़ी चंद्रशेखर के ऊपर गाड़ी दी. घटना की जानकारी होने पर बड़ी संख्या में एडवोकेट अस्पताल पहुंच गए और बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की. बस्ती के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनंदन ने बताया कि एडवोकेट चंद्रशेखर की बहन का अपने पति रंजीत यादव से तलाक को लेकर मुकदमा जारी है और इसी मामले की पैरवी के लिए वह वहां गए थे.
Also Read
- Gold-Silver Price Today: 26 जनवरी को सस्ता तो हुआ सोना लेकिन कीमत अब भी 80 हजार के पार, चेक करें रेट
- Petrol-Diesel Price Today: 26 जनवरी को क्या हैं पेट्रोल-डीजल के ताजा भाव, फटाफट चेक करें एक लीटर तेल की कीमत
- Tanu Weds Manu 3: कंगना रनौत ने शुरू की 'तनु वेड्स मनु 3' की शूटिंग, एक्ट्रेस ने इस पोस्ट से फैंस को दिया हिंट
आरोपी को किया गिरफ्तार
उन्होंने बताया कि समझौते में रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था और इसी बात से नाराज रंजीत यादव और उसके भाई संदीप यादव ने एडवोकेट का पहले अपहरण किया और हत्या करने के बाद शव फेंककर फरार हो गए. अधिकारी ने बताया कि मामले के मुख्य आरोपी रंजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की सात टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
(इस खबर को इंडिया डेली लाइव की टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की हुई है)