Bareilly Crime News: बर्फ की दुकान में लेन-देन के दौरान 2.5 रुपये के लेकर हुए विवाद में एक शख्स की हत्या कर दी गई. वारदात को अंजाम देने वाला बर्फ विक्रेता फरार बताया जा रहा है. उधर, मामले की जानकारी के बाद पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. बताया जा रहा है कि वारदात के बाद गंभीर रूप से घायल शख्स को अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. वारदात फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के माधोपुर माफी इलाके की है.
मृतक की पहचान 35 साल के संजू के रूप में, जबकि आरोपी की पहचान शेर सिंह के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, बुधवार शाम शेर सिंह का संजू से विवाद हो गया. वारदात उस वक्त हुई जब संजू, शेर सिंह की दुकान से बर्फ खरीद रहा था. जब पैसे देने की बारी आई तो संजू और शेर सिंह के बीच 2.5 रुपये को लेकर विवाद हो गया. इसी बीच, शेर सिंह ने सुजा (बर्फ तोड़ने वाला नुकाला औजार) से संजू पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में संजू गंभीर रूप से घायल हो गया.
पुलिस के मुताबिक, ठाकुरद्वारा का रहने वाला शेर सिंह फेरी लगाकर बर्फ बेचता है. बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे संजू के घर के पास पहुंचा. इस दौरान संजू कश्यप अपने दो बेटियों के साथ बर्फ लेने शेर सिंह की दुकान पर पहुंचा. पेमेंट को लेकर दोनों के बीच पहले गाली-गलौज हुई, जो थोड़ी देर में मारपीट में बदल गई.
आरोप है कि मारपीट के दौरान शेर सिंह ने सूजा से संजू कश्यप पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में संजू कश्यप के सिर, पेट और सीने पर गंभीर चोटें आईं. सूजा के वार से संजू गंभीर रूप से घायल होकर वहीं बेसुध हो गया. उधर, वारदात को अंजाम देने वाला शेर सिंह घटनास्थल से फरार हो गया.
स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी. जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां संजू की मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि आरोपी शेर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है. देर शाम को संजू कश्यप की मां की ओर से थाने में तहरीर दी गई है. पुलिस मामले की जांच पड़ताल की जा रही है.