बकरीद से पहले कानपुर बकरा मंडी में हंगामा, इरफान सोलंकी पर रंगदारी और अवैध वसूली का केस

कानपुर की बकरा मंडी में सपा नेता और पूर्व विधायक इरफान सोलंकी को व्यापारियों के विरोध का सामना करना पड़ा. व्यापारियों ने रंगदारी और अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई, जबकि सोलंकी पक्ष ने भी व्यापारियों पर मुकदमा कराया है.

Google
Dhiraj Kumar Dhillon

बकरीद से सपा नेता और पूर्व विधायक इरफान सोलंकी की मुश्किलें बढ़ गई हैं. उनके खिलाफ बकरा मंडी के व्यापारियों ने अवैध वसूली समेत संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है. दरअसल इरफान सोलंकी मंगलवार देर शाम कानपुर के हलीम ग्राउंड में लगने वाली बकरा मंडी में पह‌ुंचे थे, जहां सीसामऊ के पूर्व विधायक को व्यापारियों ने घेर लिया और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की. व्यापारियों ने पूर्व विधायक के खिलाफ अवैध वसूली के आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई गई है. हालांकि पूर्व विधायक ने इन आरोपों को खारिज करते हुए अपने सरकारी गनर के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है.

बकरा बाजार में करीब दो घंटे तक होता रहा हंगामा

बकरा मंडी के व्यापारियों ने पूर्व विधायक इरफान सोलंकी को घेर लिया. व्यापारियों ने मंडी के गेट बंद कर काफी देर तक हंगामा किया और नसीम सोलंकी मुर्दाबाद के नारे लगाए. इस दौरान बकरा बाजार कमेटी में स्थानीय लोग भी जमा हो गए. करीब दो घंटे तक हंगामे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू किया. सपा नेता के खिलाफ मंडी कमेटी से जुड़े वफा अब्बास ने तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगने और विरोध करने पर 2.70 लाख भरा बैग लूटने का आरोप लगाया है. पुलिस ने वफा अब्बास की तहरीर पर इरफान सोलंकी और उसके ‌समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है.

सरकारी गनर ने व्यापारियों पर दर्ज कराया मुकदमा

इरफान सोलंकी का कहना है कि वे अवैध वसूली की शिकायत पर विधायक पत्नी नसीम सोलंकी के साथ बकरा मंडी पहुंचे थे. उन्होंने आरोप लगाया है कि मंडी में आने वाले व्यापारियों और ग्राहकों से की जा रही अवैध वसूली का विरोध करने पर कुछ लोगों ने दुर्व्यवहार और नारेबाजी शुरू कर दी और सरकारी गनर से कार्बाइन लूटने का प्रयास किया गया. गनर अजीम अहमद की तहरीर पर पुलिस वफा अब्बास समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.

पुलिस ने दोनों पक्षों की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले में गंभीरता से जांच की जाएगी और उसके बाद ही कानूनी कार्रवाई होगी. वफा अब्बास की शिकायत पर इरफान सोलंकी और उनके समर्थको के खिलाफ रंगदारी मांगने, धमकी, गाली-गलौज और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि इरफान सोलंकी के गनर की शिकायत पर व्यापारी नेता वफा अब्बास और अन्य को नामजद किया गया है.