देहरादून से दिल्ली जा रहा आर्मी का ट्रक बना आग का गोला, दर्जनों जवानों ने कूदकर बचाई जान, सामने आया वीडियो

मुजफ्फरनगर में देहरादून से दिल्ली जा रहे एक आर्मी ट्रक में स्टेट हाईवे 59 पर आग लग गई. हादसे के समय ट्रक में दर्जनों जवान मौजूद थे जिन्होंने कूदकर अपनी जान बचाई.

Sagar Bhardwaj

Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में देहरादून से दिल्ली जा रहे एक आर्मी ट्रक में स्टेट हाईवे 59 पर आग लग गई. हादसे के समय ट्रक में दर्जनों जवान मौजूद थे जिन्होंने कूदकर अपनी जान बचाई. यह आग इतनी भयानक थी कि उसने चंद मिनटों में पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया.

एक जवान घायल, सारा सामान खाक
इस दौरान ट्रक के डिवाइडर से टकराने से एक जवान घायल हो गया जबकि ट्रक में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया. यह घटना मुजफ्फरनगर कोतवाली के रोहाना स्टेट हाईवे की की है.

सामने आया वीडियो

इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आर्मी का ट्रक धू, धूकर जलता दिखाई दे रहा है और उससे उठती तीव्र लपटें तेजी से आसमान की ओर उठ रही हैं.

ट्रक में आग लगते ही स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और उन्होंने जवानों के साथ मिलकर पानी से आग को बुझाने की कोशिश की. ट्रक को सड़क से हटाने के लिए क्रेन की भी मदद ली गई. आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन व पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. दमकल विभाग की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, हालांकि तब तक ट्रक में रखा पूरा सामान खाक हो चुका था.

कैसे लगी आग

ट्रक में आग कैसे लगी अभी तक इसके कारणों का पता नहीं चल पाया है. शुरुआती जांच के मुताबिक, हादसे का कारण ब्रेक फेल होना हो सकता है.