बदायूं में आंबेडकर प्रतिमा पर बवाल, पुलिस पर बरसे पत्थर; कई गाड़ियां टूटीं, 12 से ज्यादा घायल
बदायूं में सरकारी भूमि पर आंबेडकर प्रतिमा लगाने को लेकर विवाद बढ़ गया. ग्रामीणों के पथराव में कई पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हुए और पुलिसकर्मी घायल हुए. करीब 12 लोग हिरासत में लिए गए.
लखनऊ: बदायूं के फैजगंज बेहटा क्षेत्र में मंगलवार को आंबेडकर प्रतिमा स्थापित करने को लेकर शुरू हुआ विवाद शाम तक हिंसक हो गया. राजा की सीकरी गांव में ग्राम समाज की खलिहान भूमि पर बिना अनुमति प्रतिमा लगाए जाने और बाद में उसे हटाए जाने के बाद ग्रामीण दोबारा स्थापना की मांग पर अड़े रहे. शाम को भीड़ ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर पथराव कर दिया. हालात संभालने के लिए पुलिस को बल प्रयोग कर भीड़ को पीछे हटाना पड़ा.
राजा की सीकरी गांव में ग्राम समाज की खलिहान भूमि पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की गई थी. प्रशासन के अनुसार, इसके लिए अनुमति नहीं ली गई थी. प्रतिमा हटाए जाने के बाद ग्रामीणों ने उसी स्थान पर उसे फिर स्थापित करने की मांग शुरू कर दी. सुबह से ही पुलिस बल तैनात था और प्रशासन ग्रामीणों से बातचीत के जरिए स्थिति संभालने की कोशिश कर रहा था.
शाम को अचानक शुरू हुआ पथराव
मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे स्थिति बिगड़ गई. पुलिस के मुताबिक, कुछ लोगों ने अधिकारियों और पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया. करीब आधे घंटे तक चले पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. कई लोग अपनी बाइक छोड़कर भाग गए. पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए भीड़ को वहां से हटाया और आंबेडकर की प्रतिमा को सुरक्षित कब्जे में ले लिया.
Also Read
कई वाहन क्षतिग्रस्त, लोग घायल
पथराव में एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार की गाड़ियों समेत करीब एक दर्जन वाहन क्षतिग्रस्त हुए. पीएसी ट्रक, दमकल वाहन, कई थानों की पुलिस गाड़ियों और दो निजी एंबुलेंस के शीशे भी टूट गए. आसफपुर के अधिवक्ता प्रदीप कुमार के सिर में पत्थर लगने से गंभीर चोट आई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. उन्हें छह टांके लगे हैं.
पुलिसकर्मियों को भी आई चोट
पथराव में एसडीएम के पैर और उनके अर्दली के हाथ में चोट लगी. करीब आधा दर्जन महिला सिपाहियों समेत कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए. अधिकारियों के अनुसार, पुलिसकर्मी हेलमेट और दंगा नियंत्रण जैकेट पहने थे, जिससे चोटों का असर कम हुआ. सूचना मिलने के बाद डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा भी मौके पर पहुंचीं और स्थिति की निगरानी की.
प्रतिमा सुरक्षित, अब होगी कानूनी कार्रवाई
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि पुलिस ने प्रतिमा को सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया है. फिलहाल मौके की स्थिति सामान्य है और पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस ने करीब 12 लोगों को हिरासत में लिया है. अधिकारियों के अनुसार, मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन अब विवादित भूमि और प्रतिमा स्थापना से जुड़े पूरे मामले की जांच कर रहा है.