क्यूआर कोड से एंट्री, शिव मंदिर थीम वाला मंडप... आकाशदीप ने अक्षिता के साथ लिए सात फेरे, वाराणसी में धूमधाम से हुई शादी

आकाशदीप सेहरा बांधे शाही लुक में दिखे. बारात के दौरान बैंड-बाजे और डीजे की धुन पर उन्होंने दोस्तों के साथ खूब डांस किया. रात करीब साढ़े दस बजे बारात होटल पहुंची. वहां आतिशबाजी के साथ मेहमानों का स्वागत किया गया. होटल परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. कैंट पुलिस के साथ निजी गार्ड्स भी तैनात थे.

X
Antima Pal

वाराणसी: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाशदीप सिंह ने अपनी जिंदगी की नई शुरुआत की है. बुधवार को उन्होंने अपनी प्रेमिका अक्षिता राज के साथ वाराणसी के ताज गैंगेस होटल में सात फेरे लिए. शिव मंदिर थीम पर सजे भव्य मंडप में यह शादी बेहद आकर्षक और यादगार रही.

समारोह में करीब 350 मेहमान शामिल हुए. आकाशदीप बिहार के सासाराम से बारात लेकर वाराणसी पहुंचे. बारात रवाना होने से पहले उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए पंडित धीरेंद्र शास्त्री और सद्गुरु रामभद्राचार्य जी से आशीर्वाद लिया. इसके बाद पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बारात निकाली गई.

शाही अंदाज में नजर आए आकाशदीप

आकाशदीप सेहरा बांधे शाही लुक में दिखे. बारात के दौरान बैंड-बाजे और डीजे की धुन पर उन्होंने दोस्तों के साथ खूब डांस किया. रात करीब साढ़े दस बजे बारात होटल पहुंची. वहां आतिशबाजी के साथ मेहमानों का स्वागत किया गया. होटल परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. कैंट पुलिस के साथ निजी गार्ड्स भी तैनात थे.


क्यूआर कोड से एंट्री, शिव मंदिर थीम वाला मंडप

शादी का सबसे खास फीचर था क्यूआर कोड सिस्टम. सभी मेहमानों को मोबाइल पर क्यूआर कोड भेजा गया था. उसी को स्कैन कर ही उन्हें अंदर एंट्री दी गई. इस आधुनिक व्यवस्था से समारोह को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया गया. मंडप को काशी के शिव मंदिर थीम पर खूबसूरती से सजाया गया था. चारों तरफ धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल छाया रहा. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच काशी के विद्वान पंडितों ने विवाह संस्कार संपन्न कराए. द्वार पूजा के बाद अक्षिता ने आकाशदीप को वरमाला पहनाई. फिर दोनों ने अग्नि के सामने सात फेरे लिए. पूरा माहौल बेहद भावुक और पवित्र रहा.

पवन सिंह ने दिया आशीर्वाद

भोजपुरी के लोकप्रिय गायक पवन सिंह भी नवदंपति को शुभकामनाएं देने पहुंचे. उन्होंने आकाशदीप और अक्षिता को आशीर्वाद दिया. उनकी मौजूदगी ने समारोह में और रौनक बढ़ा दी. आकाशदीप और अक्षिता की यह शादी क्रिकेट जगत और बिहार-उत्तर प्रदेश के लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है. सोशल मीडिया पर बारात और विवाह की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं.