आगरा में जिपलाइन टूटने से बड़ा हादसा, 45 फीट की ऊंचाई से गिरा नाबालिग; मां-बाप के हांथों में निकली जान
ताजमहल घूमने आया एक 16 साल का बच्चा ताजगंज क्षेत्र की चौपाटी में जिप लाइन का आनंद ले रहा था जिसकी अचानक गिरने से मौत हो गई. पल भर में परिवार की खुशियां मातम में बदल गई.
आगरा: आगरा से रविवार को एक दर्दनाक खबर सामने आ रही जिसने सबको झकझोर कर रख दिया. ताजमहल घूमने आए एक परिवार ने शायद कभी नहीं सोचा होगा कि बच्चों की जिद पूरी करना उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा दुख बन जाएगा. दरअसल ताजमहल घूमने आया एक 16 साल का बच्चा ताजगंज क्षेत्र की चौपाटी में जिप लाइन का आनंद ले रहा था जिसकी अचानक गिरने से मौत हो गई. पल भर में परिवार की खुशियां मातम में बदल गई.
मृतक की पहचान फिरोजाबाद निवासी कुनाल अग्रवाल के रूप में हुई है. वह अपने पिता पंकज अग्रवाल और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आगरा घूमने आया था. ताजमहल देखने के बाद परिवार बच्चों को लेकर चौपाटी पहुंचा, जहां एडवेंचर गतिविधियां चल रही थीं. इसी दौरान कुनाल ने जिप लाइन करने की इच्छा जताई.
जिप लाइन से गिरने से गई जान
मिली जानकारी के अनुसार लगभग 120 मीटर लंबी और करीब 45 फीट ऊंची जिप लाइन पर कुनाल को भेजा गया था. शुरुआती जांच में सामने आया है कि चलते समय जिप लाइन की पुली का लॉक अचानक खुल गया, जिससे वह सीधे नीचे जा गिरा. हादसा इतना अचानक हुआ कि वहां मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए.
माता-पिता के सामने हुआ हादसा
वहां मौजूद लोगों के मुताबिक कुनाल के माता-पिता सामने खड़े होकर उसे देख रहे थे. बेटे को गिरते देख परिवार में चीख-पुकार मच गई. गंभीर रूप से घायल कुनाल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो चुका है.
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के तुरंत बाद ही पुलिस ने जिप लाइन का संचालन बंद करा दिया. फिलहाल चौपाटी के मैनेजर और जिप लाइन संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. मामले में परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है.
हालांकि अब हादसे के बाद सुरक्षा इंतजामों और नियमित सेफ्टी जांच को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन किया गया होता, तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था.