यूपी में मौसम का बड़ा यू-टर्न, आगरा-झांसी समेत इन जिलों को किया अलर्ट

उत्तर प्रदेश के आगरा, झांसी, महोबा, हमीरपुर समेत कई जिलों में 17 जून को बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है.

Pinterest
Km Jaya

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. राज्य के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है. मंगलवार रात भी कई जिलों में तेज आंधी और बारिश देखने को मिली, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली. भारतीय मौसम विभाग यानी IMD ने बुधवार 17 जून के लिए राज्य के कई जिलों में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है.

मौसम विभाग के अनुसार आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. साथ ही कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है.

मौसम वैज्ञानिकों का क्या है कहना?

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि हरियाणा के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हुई हैं. इसी वजह से कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं और बारिश हो रही है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.


दक्षिण-पश्चिम मानसून भी धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है. वर्तमान में मानसून बिहार की सीमा तक पहुंच चुका है. मौसम विभाग के विशेषज्ञों का अनुमान है कि 20 से 23 जून के बीच मानसून झारखंड के रास्ते उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में प्रवेश कर सकता है. मानसून के आगे बढ़ने के साथ राज्य के अन्य हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.

अन्य जगहों में कैसा रहेगा मौसम?

देश के अन्य राज्यों में भी मानसून का प्रभाव दिखाई दे रहा है. पूर्वी, मध्य, दक्षिणी और पूर्वोत्तर भारत के कई क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है. लगातार हो रही वर्षा के कारण कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी.

इस बीच मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक डॉ. एम. महापात्रा ने बताया कि प्रशांत महासागर में ला नीना जैसी स्थितियां समाप्त होकर अल नीनो की ओर बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं. यह स्थिति मानसून को प्रभावित कर सकती है. इसके चलते इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य से कमजोर रहने की आशंका जताई जा रही है. उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष की शुरुआत में उत्तरी गोलार्ध में कम बर्फबारी होने का असर भी मानसून पर पड़ सकता है.

उधर, भीषण गर्मी और लू को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने सरकारी स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां 24 जून तक बढ़ा दी हैं. अब स्कूल 25 जून से खुलेंगे, जबकि शिक्षक 22 जून से विद्यालय पहुंचकर शैक्षणिक तैयारियां पूरी करेंगे.