राजस्थान निकाय चुनाव में ओवैसी को मिला झटका, AIMIM को नहीं मिला पतंग का निशान; जानें वजह
राजस्थान निकाय चुनाव में AIMIM के उम्मीदवारों को पार्टी का आधिकारिक पतंग चुनाव चिन्ह नहीं मिल सकेगा. राज्य निर्वाचन आयोग के फैसले के बाद राजस्थान हाईकोर्ट ने भी चुनाव प्रक्रिया में तत्काल हस्तक्षेप से इनकार कर दिया है.
जयपुर: राजस्थान के शहरी निकाय चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM को बड़ा झटका लगा है. राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ ने पार्टी के उम्मीदवारों को आधिकारिक चुनाव चिन्ह पतंग देने की मांग पर तत्काल हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया है. इससे इन चुनावों में AIMIM के उम्मीदवार अपनी पार्टी के पतंग निशान पर चुनाव नहीं लड़ पाएंगे. उन्हें निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर अलग अलग चुनाव चिन्हों के साथ मैदान में उतरना होगा.
राजस्थान में AIMIM पहली बार बड़े स्तर पर शहरी निकाय चुनाव में अपनी राजनीतिक मौजूदगी मजबूत करने की कोशिश कर रही है. पार्टी की नजर खास तौर पर मुस्लिम मतदाताओं पर है. AIMIM ने इन चुनावों के लिए सांसद हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी RLP के साथ गठबंधन किया है. दोनों दलों की कोशिश जाट और मुस्लिम मतदाताओं के बीच राजनीतिक समीकरण तैयार करने की है.
आखिर AIMIM को पतंग सिंबल क्यों नहीं मिला?
राजस्थान में 309 शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव की प्रक्रिया चल रही है. नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित करेगा. AIMIM ने मांग की थी कि उसके उम्मीदवारों को पार्टी का आधिकारिक पतंग चुनाव चिन्ह दिया जाए.
Also Read
आयोग का क्या था तर्क?
राज्य निर्वाचन आयोग ने AIMIM को राजस्थान में पतंग सिंबल देने से इनकार कर दिया. आयोग का तर्क था कि AIMIM को तेलंगाना में राज्य स्तरीय राजनीतिक दल के रूप में मान्यता प्राप्त है, लेकिन राजस्थान में उसे ऐसी मान्यता नहीं मिली है. इसी फैसले को चुनौती देते हुए AIMIM ने राजस्थान हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था.
हाईकोर्ट का क्या है कहना?
सोमवार को जयपुर हाईकोर्ट में जस्टिस मनीष शर्मा की एकल पीठ ने चुनाव प्रक्रिया में तत्काल हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया. अदालत ने राज्य सरकार और निर्वाचन आयोग से दो सप्ताह में जवाब मांगा है. हालांकि तब तक मौजूदा निकाय चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ जाएगी. ऐसे में इस चुनाव में AIMIM के उम्मीदवारों को पार्टी के आधिकारिक निशान पर लड़ने का मौका मिलना मुश्किल है.
निर्दलीय उम्मीदवार बनकर लड़ेंगे AIMIM प्रत्याशी
पतंग सिंबल नहीं मिलने के बाद AIMIM के उम्मीदवारों को निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ना होगा. उन्हें निर्वाचन आयोग की ओर से निर्दलीय उम्मीदवारों के लिए तय किए गए वैकल्पिक चुनाव चिन्हों में से कोई एक निशान चुनना होगा. इनमें हाथ की चक्की, ऊंट, पलंग, चप्पल, जूता, कैंची, सिलाई मशीन और हारमोनियम जैसे चुनाव चिन्ह शामिल हैं.
AIMIM के प्रवक्ता और अधिवक्ता आरिफ मोहम्मद के अनुसार, पार्टी अगली सुनवाई में संशोधित अर्जी दाखिल कर आगामी पंचायत चुनाव में पार्टी को चुनाव चिन्ह देने का आदेश देने की मांग करेगी.