IRCTC से परेशान लोगों को बड़ी राहत, छात्र के सुझाव पर अश्विनी वैष्णव का ऐलान; 30 दिनों में लॉन्च होगी नई वेबसाइट

जयपुर के MNIT में एक छात्र द्वारा IRCTC वेबसाइट की समस्याएं उठाए जाने के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 15 जुलाई तक नई IRCTC वेबसाइट लॉन्च करने की घोषणा की.

@ani_digital X Account
Km Jaya

नई दिल्ली: रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है. टिकट बुकिंग के दौरान अक्सर आने वाली तकनीकी समस्याओं को देखते हुए भारतीय रेलवे जल्द ही IRCTC की नई वेबसाइट लॉन्च करने जा रहा है. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि 15 जुलाई तक नई वेबसाइट लॉन्च कर दी जाएगी.

यह घोषणा जयपुर स्थित मालवीय राष्ट्रीय मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान जयपुर में छात्रों के साथ बातचीत के दौरान की गई. कार्यक्रम के दौरान एक छात्र ने रेल मंत्री से IRCTC वेबसाइट पर आने वाली कैप्चा संबंधी परेशानियों का मुद्दा उठाया. छात्र ने कहा कि टिकट बुकिंग के समय कैप्चा की वजह से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और इस समस्या का समाधान किया जाना चाहिए.

अश्विनी वैष्णव ने क्या दी प्रतिक्रिया?

छात्र के सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए अश्विनी वैष्णव ने मौके पर ही संबंधित अधिकारी को फोन किया. उन्होंने अधिकारी से कहा कि छात्रों की मांग है कि IRCTC की नई और बेहतर वेबसाइट तैयार की जाए. इसके बाद मंत्री ने पूछा कि क्या 30 दिनों के भीतर नई वेबसाइट तैयार करना संभव है. बातचीत के बाद उन्होंने छात्रों को बताया कि 15 जुलाई तक नई वेबसाइट लॉन्च कर दी जाएगी. इस घोषणा के बाद कार्यक्रम में मौजूद छात्रों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया.


यात्रियों को किस बात की थी शिकायत?

वर्तमान में IRCTC वेबसाइट का उपयोग करोड़ों लोग रेल टिकट बुक करने के लिए करते हैं. हालांकि लंबे समय से यात्रियों की शिकायत रही है कि वेबसाइट कई बार धीमी हो जाती है. पीक आवर्स और तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान वेबसाइट के क्रैश होने, सर्वर डाउन होने और आउटेज जैसी समस्याएं भी सामने आती रही हैं.

इसके अलावा यूजर्स को अचानक लॉगआउट होने, सेशन समाप्त होने, पेमेंट फेल होने, OTP नहीं मिलने, लॉगिन एरर और सीट चयन के बाद ट्रांजैक्शन रुक जाने जैसी परेशानियों का भी सामना करना पड़ता है. तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान भारी ट्रैफिक के कारण वेबसाइट पर दबाव बढ़ जाता है, जिससे कई यात्रियों को टिकट बुक करने में कठिनाई होती है.

सरकार ने क्या उठाया था कदम?

सरकार पहले भी टिकट बुकिंग प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए कदम उठा चुकी है. पिछले वर्ष केंद्र सरकार ने जानकारी दी थी कि लगभग 2.5 करोड़ संदिग्ध और निष्क्रिय यूजर आईडी को डीएक्टिवेट किया गया है, ताकि सिस्टम को अधिक सुरक्षित और प्रभावी बनाया जा सके.

इस कार्यक्रम के दौरान अश्विनी वैष्णव ने MNIT जयपुर में एडवांस्ड क्वांटम कंप्यूटिंग और क्वांटम कम्युनिकेशन लैब स्थापित करने की भी घोषणा की. इसके साथ ही AI लैब और मेकर्स लैब की स्थापना की जानकारी भी दी गई. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में क्वांटम टेक्नोलॉजी देश के तकनीकी विकास की अगली बड़ी लहर साबित होगी.