NEET Paper Leak 2026: राजेंद्र राठौर का कांग्रेस पर हमला, बोले- पेपर लीक माफिया का राजस्थान से होगा सफाया

NEET UG 2026 पेपर लीक मामले पर पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौर ने कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि भजनलाल सरकार पेपर लीक माफिया का सफाया कर रही है और दोषियों को जल्द जेल भेजा जाएगा.

Google
Dhiraj Kumar Dhillon

राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौर ने नीट पेपर लीक मामले में बीजेपी कार्यकर्ता की गिरफ्तारी वाले बयान पर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है. उन्होंने कहा है कि राजस्थान सरकार पेपर लीक माफिया का सफाया करने में लगी है. इस मामले में संलिप्त जो लोग अभी बाहर हैं, वो भी जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे. राजसमंद में पत्रकारों से वार्ता के दौरान राजेंद्र राठौर ने कांग्रेस को जमकर कोसा. उन्होंने नीट यूजी परीक्षा 2026 का पेपर लीक होने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि भजनलाल सरकार ने पेपर लीक माफिया का लगभग सफाया कर दिया है. राजस्थान सरकार की एजेंसियों ने इस मामले में अच्छा काम किया है.

बोले- कांग्रेस नेता माफी मांगें

पूर्व मंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेता आरोपियों को बीजेपी कार्यकर्ता बताने वाले बयान के ‌लिए माफी मांगें. उन्होंने कहा कि अशोक गहलौत, गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली पेपर लीक जैसे संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं. आरोपियों में कौन सी पार्टी के कार्यकर्ता शामिल हैं, जांच में सारी सच्चाई सामने आ जाएगी, कांग्रेस नेताओं को गैर जिम्मेदाराना बयान देने से बचना चाहिए और आरोपी को भाजपा कार्यकर्ता बताने वाले बयान पर माफी मांगनी चाहिए.

राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष ने भी बयान की निंदा की

इसके साथ ही राजस्थान बीजेपी के अध्यक्ष मदन राठौर ने भी अशोक गहलौत के बयान की निंदा की है. उन्होंने कहा कि अशोक गहलौत को सही जानकारी ही नहीं है. लेकिन बिना पुख्ता जानकारी के कांग्रेस नेता को ऐसा बयान नहीं देना चाह‌िए कि आरोपी बीजेपी का कार्यकर्ता है.

बंगाल को पहली बार विवेक से मतदान का मौका मिला

एक सवाल के जवाब में पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौर ने कहा कि पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी को बड़ी सफलता मिली है. बंगाल भी अब विकास की राह पर आगे बढ़ेगा और गुंडों का सफाया होगा. उन्होंने कह‌ा कि बंगाल में पहली बार मतदाताओं को अपने विवेक से मतदान करने का मौका मिला है और नतीजा सबके सामने है.