Rajasthan Weather: जयपुर से कोटा तक बरसे बादल, जैसलमेर छोड़ पूरे प्रदेश में IMD का अलर्ट जारी
राजस्थान में मानसून की एंट्री के साथ मौसम बदल गया है. जयपुर में रातभर बारिश हुई. कोटा, बारां और झालावाड़ में ऑरेंज अलर्ट जबकि जैसलमेर को छोड़ पूरे प्रदेश में यलो अलर्ट जारी किया गया है.
जयपुर: राजस्थान में लंबे इंतजार के बाद मानसून ने जोरदार दस्तक दे दी है. गुरुवार को मानसून के प्रवेश के साथ ही प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला. राजधानी जयपुर समेत कई जिलों में रातभर बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली. मौसम विभाग ने शुक्रवार को कोटा, बारां और झालावाड़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं जैसलमेर को छोड़कर पूरे राजस्थान में यलो अलर्ट घोषित किया गया है.
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. लगातार बारिश के कारण दिन के तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है. इससे लोगों को राहत मिलने के साथ किसानों में भी अच्छी बारिश की उम्मीद बढ़ गई है.
मौसम विभाग ने क्या लगाया अनुमान?
वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा टोंक, जयपुर और अलवर से होकर गुजर रही है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों में मानसून पूरे राजस्थान में फैल जाएगा. मानसून के पहले दिन ही कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. अलवर, झुंझुनूं, सीकर, उदयपुर, भरतपुर, करौली और अजमेर के कई इलाकों में करीब दो इंच तक बारिश हुई. वहीं झालावाड़ और बारां में भी तेज बारिश रिकॉर्ड की गई. बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की.
Also Read
कितना था तापमान?
राजधानी जयपुर में पिछले दो दिनों से रुक रुक कर बारिश हो रही है. गुरुवार रात से शुरू हुई बारिश शुक्रवार सुबह तक जारी रही. इसके चलते शहर का अधिकतम तापमान गिरकर 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. ठंडी हवाओं और बादलों ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया.
अलवर में गुरुवार शाम तक 67 मिमी बारिश दर्ज की गई. बारिश के बाद किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई और बाजारों में भी रौनक दिखाई दी. सीकर में दिनभर धूप और बादलों का दौर चलता रहा. यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
कोटा में कैसा रहेगा मौसम?
कोटा में मानसून पहुंच चुका है, लेकिन लोग अभी भी तेज बारिश का इंतजार कर रहे हैं. तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है. अजमेर में शाम को 5.1 मिमी बारिश होने से मौसम ठंडा हो गया. मौसम विभाग का कहना है कि यदि अगले दो सप्ताह तक बारिश का सिलसिला जारी रहता है तो प्रदेश में जलाशयों का जलस्तर बढ़ेगा, खेती को फायदा मिलेगा और गर्मी से पूरी तरह राहत मिलने की उम्मीद है.