जोधपुर: यात्रियों से भरी बस रुकवाकर बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर मचाया हड़कंप, बंदूक की नोक पर की लूट
जोधपुर के शेरगढ़ क्षेत्र में छह नवंबर की रात बदमाशों ने एक निजी बस को रोककर बंदूक की नोक पर लूट की कोशिश की. बस स्टाफ से पांच हजार रुपये की मांग की गई और इनकार करने पर हवाई फायरिंग की गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष टीमें गठित कर दी हैं.
जोधपुर: राजस्थान के जोधपुर जिले में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने वाली एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है. शेरगढ़ थाना क्षेत्र में छह नवंबर की रात कुछ बदमाशों ने एक निजी ट्रैवल्स बस को बीच रास्ते में रोक लिया और बंदूक की नोक पर बस स्टाफ को धमकाया. बदमाशों ने शराब के लिए पैसे मांगे और इनकार करने पर बस के अंदर हवाई फायर कर यात्रियों में दहशत फैला दी. इस वारदात ने इलाके में भय का माहौल बना दिया है.
घटना उस समय हुई जब जैसलमेर से दिल्ली जा रही बस देड़ा गांव की सरहद पर पहुंची थी. तभी एक सफेद कैंपर गाड़ी ने बस के आगे आकर उसे रुकवा दिया. गाड़ी से दो युवक उतरे जिनमें से एक ने अपना चेहरा ढका हुआ था, जबकि दूसरे के हाथ में बंदूक थी. दोनों बदमाशों ने बस में घुसकर ड्राइवर और खलासी से शराब पीने के लिए पैसे मांगे. जब बस स्टाफ ने पैसे देने से इनकार किया तो उन्होंने बंदूक तानकर कहा कि अगर इस रूट पर बस चलानी है तो हर बार पांच हजार रुपये देने होंगे.
यात्रियों में क्यों मची अफरा-तफरी?
बदमाशों ने खुद को बुधसिंह सोढा और श्रवणसिंह खिरजा बताया. धमकी के बाद उन्होंने बस के अंदर फायर किया और स्टाफ से मारपीट भी की. इस दौरान यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. बाहर खड़े उनके साथी बस को आग लगाने की धमकी दे रहे थे. वारदात के बाद बदमाश अपनी कैंपर गाड़ी से फरार हो गए.
Also Read
पुलिस ने क्या बताया?
घटना की जानकारी मिलते ही शेरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. ग्रामीण पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं. उन्होंने कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है और जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. एएसपी भोपाल सिंह लखावत ने भी बताया कि पुलिस को बदमाशों की पहचान मिल चुकी है और टीम लगातार छापेमारी कर रही है.
स्थानीय लोगों में क्यों है डर का माहौल?
इस घटना ने स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ा दी है. लोगों का कहना है कि अगर बदमाश इस तरह खुलेआम हथियार लहराकर लूट की कोशिश कर सकते हैं तो आम नागरिकों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी. पुलिस का कहना है कि पूरे इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और दोषियों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा.