भारत-पाकिस्तान टेंशन के बीच 'मैसूर पाक' की छुट्टी, अब लोगों को नसीब नहीं होगी यह स्वादिष्ट मिठाई!
भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब मिठाइयों के नामों पर भी दिखने लगा है. राजस्थान के जयपुर में कई मिठाई दुकानदारों ने अपनी मिठाइयों के नामों से 'पाक' शब्द हटाकर 'श्री' जोड़ दिया है.
Mysore Pak Sweet Name Changed: भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब मिठाइयों के नामों पर भी दिखने लगा है. राजस्थान के जयपुर में कई मिठाई दुकानदारों ने अपनी मिठाइयों के नामों से 'पाक' शब्द हटाकर 'श्री' जोड़ दिया है. अब तक हम जो मिठाइयां मैसूर पाक, गोंद पाक, मोती पाक के नाम से जानते थे वो अब बाजारों में मैसूर श्री, गोंद श्री, मोती श्री के नाम बिक रही हैं.
मीडिया से बात करते हुए एक मिठाई विक्रेता ने कहा, 'हमने अब अपनी मिठाइयों के नाम से 'पाक' शब्द हटा दिया है. अब मैसूर पाक को मैसूर श्री, गोंद पाक को गोंद श्री, मोती पाक को मोती श्री कह रहे हैं.' यहां गौर करने वाली बात ये है कि मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाला 'पाक' शब्द पाकिस्तान से जुड़ा नहीं है, बल्कि दक्षिण भारत की कन्नड़ भाषा का शब्द है, जिसका मतलब होता है घी और चीनी में पकाई गई मिठाई.
मैसूर पाक, जो कि कर्नाटक के मैसूर की खास मिठाई है, उसमें ‘पाक’ का मतलब उस शुगर सिरप और घी में पकाने की प्रक्रिया से है, जिससे ये मिठाई बनाई जाती है.
क्यों बदले जा रहे हैं नाम?
इसका कारण है भारत-पाकिस्तान के बीच हाल ही में बढ़ा तनाव. जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई थी. भारत ने इस हमले के पीछे पाकिस्तान का हाथ होने का दावा किया और 7 मई को 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पीओके और पाकिस्तान में बने आतंकवादी ठिकानों पर जवाबी हमला किया.
इसके बाद पाकिस्तान ने भी मिसाइल और ड्रोन अटैक किए, लेकिन भारतीय सुरक्षा बलों ने उन्हें नाकाम कर दिया. 10 मई को संघर्ष विराम हुआ, तब जाकर हालात कुछ शांत हुए.
सोशल मीडिया पर भी बहस
अब मिठाइयों के नाम बदलने को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है. कुछ लोग इसे देशभक्ति का कदम बता रहे हैं, तो कुछ कह रहे हैं कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक मिठाइयों के नामों को राजनीतिक भावना से नहीं जोड़ना चाहिए.