T20 World Cup 2026

'कोलंबो के लिए हमारी फ्लाइट बुक, हमने मना नहीं किया', T20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के साथ मैच पर सूर्यकुमार यादव की दो टूक

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने गुरुवार को कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच के लिए टीम की कोलंबो जाने वाली फ्लाइट बुक हो चुकी है.

@Rajiv1841 X accoun
Anuj

नई दिल्ली: टी20 विश्व कप 2026 का काउंटडाउन शुरू हो चुका है. आगामी 7 फरवरी को टूर्नामेंट का आगाज हो जाएगा. इस विश्व कप का सबसे हाईवोल्टेज मुकाबला भारत-पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को खेला जाना था, लेकिन पाकिस्तान ने बॉयकॉट का ऐलान किया था. पाकिस्तान के इस फैसले को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. इस बीच भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव का बड़ा बयान सामने आया है.

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने गुरुवार को कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच के लिए टीम की कोलंबो जाने वाली फ्लाइट बुक हो चुकी है. उन्होंने कहा कि हमारी मानसिकता बिल्कुल साफ है. हमने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से मना नहीं किया है.

'पाकिस्तान का फैसला उनके हाथ में नहीं'

सूर्यकुमार यादव ने कहा कि पाकिस्तान का फैसला उनके हाथ में नहीं है. उन्हें खेलने के लिए तैयार रहने को कहा गया है और मैच का शेड्यूल भी पहले से तय है. उन्होंने यह भी याद दिलाया कि एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच तीन मुकाबले हुए थे, जिनमें टीम इंडिया ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था. अगर दोबारा खेलने का अवसर मिलता है, तो भारतीय टीम पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगी और अच्छा खेल दिखाएगी. मैच अगर तय रहता है तो भारतीय टीम निश्चित रूप से खेलने जाएगी.

पाकिस्तान ने बॉयकॉट का किया ऐलान

वहीं, पाकिस्तान सरकार ने अपनी क्रिकेट टीम को कोलंबो में होने वाले इस अहम मुकाबले की अनुमति नहीं दी है. हालांकि, इस फैसले की कोई आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि यह कदम बांग्लादेश के समर्थन में उठाया गया है. सुरक्षा कारणों का हवाला देकर भारत में खेलने से इनकार करने के बाद बांग्लादेश विश्व कप से बाहर हो गया था.

ICC ने सख्त चेतावनी दी

बीसीसीआई और आईसीसी के बीच हुए समझौते के अनुसार, पाकिस्तान को अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलने हैं. आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को पहले ही चेतावनी दी है कि अगर भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार किया गया तो उस पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा. गौरतलब है कि भारत-पाकिस्तान मुकाबला आईसीसी टूर्नामेंट का सबसे चर्चित और लोकप्रिय मैच होता है, जिसे दुनियाभर में सबसे ज्यादा दर्शक, प्रायोजक और ब्रॉडकास्ट राजस्व मिलता है.

भारत के खिलाफ खेलने से फिर इनकार

इस्लामाबाद में संघीय कैबिनेट की बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप को लेकर अपना रुख पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है. उन्होंने दोहराया कि पाकिस्तान की पुरुष क्रिकेट टीम ग्रुप स्टेज में भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगी. शहबाज शरीफ ने कहा कि यह फैसला सोच-समझकर लिया गया है और इसे वह उचित मानते हैं.

'खेल में राजनीति नहीं होनी चाहिए'

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अपने बयान में यह भी कहा कि खेलों को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए, लेकिन इसके बावजूद पाकिस्तान ने यह कदम उठाया है. उनके अनुसार सरकार ने सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद यह रुख अपनाया है. हालांकि, उन्होंने यह साफ नहीं किया कि अगर पाकिस्तान फाइनल में भारत से भिड़ता है तो उस स्थिति में उनका क्या फैसला होगा.