जयपुर में आगजनी, पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से तीन की मौत; पांच घायल
जयपुर में आग की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आ रही है. मंगलवार को शहर के खोह नागोरियान इलाके में एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि पांच अन्य घायल हो गए.
जयपुर: जयपुर में आग की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आ रही है. मंगलवार को शहर के खोह नागोरियान इलाके में एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि पांच अन्य घायल हो गए. घटना का पता लगते ही राजस्थान के फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब पच्चीस मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
आग की गंभीरता उसके धुएं से ही लगाया जा सकता था. फैक्ट्री परिसर में उठ रहा गाढ़ा धुआं दूर से ही नजर आ रहा था, जिस कारण स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई.
कब और कहां लगी आग
एक अधिकारी के अनुसार, अधिकारियों को सुबह लगभग 11:30 बजे आग लगने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही कई आपातकालीन एजेंसियों को तुरंत सक्रिय कर दिया गया. यह घटना जयपुर के खोह नागोरियान इलाके में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में हुई.
Also Read
अधिकारी ने क्या कहा
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि खोह नागोरियान क्षेत्र में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड दल, एम्बुलेंस, त्वरित प्रतिक्रिया दल और पुलिस को बिना किसी देरी के घटनास्थल पर भेज दिया गया. बचाव अभियान और अन्य आपातकालीन गतिविधियां तुरंत शुरू कर दी गईं. अधिकारी ने बताया कि करीब बीस से पच्चीस मिनट में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया.
मृतकों की पहचान अभी बाकी
इस दुखद घटना में जान गंवाने वाले तीनों लोगों की पहचान अभी तक आधिकारिक रूप से सार्वजनिक नहीं की गई है. अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि ये लोग फैक्ट्री में किस भूमिका में थे और आग लगने के समय वे परिसर के किस हिस्से में मौजूद थे. घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जांच में जुटी टीम
अधिकारियों ने घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। कई एजेंसियां आग लगने के कारण और कारखाने में चल रही गतिविधियों की प्रकृति की जांच कर रही हैं। अधिकारी ने बताया कि फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की एक टीम घटनास्थल पर जा रही है. फिलहाल आग लगने का कारण अभी तक अज्ञात है. जांचकर्ता आग लगने के पीछे का कारण पता करने में जुटे हुए हैं.