IPL 2026 US Israel Iran War Weather IMD

हिट एंड रन केस निकला 'हनीमून मर्डर', शादी के तीन महीने बाद बॉयफ्रेंड संग मिलकर पति को उतारा मौत के घाट

राजस्थान के श्रीगंगानगर में सामने आए हनीमून मर्डर केस ने सबको चौंका दिया है. शादी के महज तीन महीने बाद पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची. जिसे सड़क हादसा बताया गया था वह एक सोची समझी हत्या निकली.

Social Media
Babli Rautela

श्रीगंगानगर: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने रिश्तों की मर्यादा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. जिसे लोग एक दर्दनाक सड़क हादसा मान रहे थे वह असल में सुहागरात के बाद रची गई एक खौफनाक साजिश निकली. शादी के सिर्फ तीन महीने बाद ही एक दुल्हन अपने पति की कातिल बन गई. 30 जनवरी की रात रावला थाना क्षेत्र की एक सुनसान सड़क पर 25 साल के आशीष का शव मिला. उसकी पत्नी अंजू ने पुलिस को बताया कि किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और लुटेरे उसके गहने लूटकर फरार हो गए. 

अंजू खुद को हादसे में घायल बताते हुए फूट फूटकर रोती रही. शुरुआत में हर कोई उसे पीड़ित मान रहा था. मामले की जांच जब राजस्थान पुलिस ने गहराई से शुरू की तो कहानी बदलने लगी. श्रीगंगानगर की पुलिस अधीक्षक ने जांच में इस हादसे की परतें उधेड़ दीं. पुलिस को शक हुआ कि यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं है.

शाम की सैर बनी मौत का रास्ता

जांच में सामने आया कि 23 साल की अंजू अपनी शादी से खुश नहीं थी. उसका लव अफेयर पहले से संजू नाम के युवक के साथ चल रहा था. शादी के बाद जब वह मायके सदुलशहर गई तो वहां उसने फिर से संजू से संपर्क किया. यहीं पर पति की हत्या की पूरी योजना बनाई गई. योजना के मुताबिक अंजू ससुराल लौटी और पति आशीष के साथ जानबूझकर शाम की सैर पर जाने लगी. उसे पता था कि आशीष डिनर के बाद टहलने जाता है. 30 जनवरी की रात वह उसे एक सुनसान सड़क पर ले गई जहां झाड़ियों में संजू अपने दो साथियों रॉकी उर्फ रोहित और बादल उर्फ सिद्धार्थ के साथ घात लगाए बैठा था.

गला घोंटकर की गई बेरहमी से हत्या

जैसे ही दंपति सुनसान इलाके में पहुंचे हमलावरों ने आशीष पर हमला कर दिया. पहले उसे बेरहमी से पीटा गया. जब वह अधमरा हो गया तो गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई. इस पूरी वारदात को लूट और एक्सीडेंट का रूप देने के लिए अंजू ने खुद अपने मोबाइल फोन और कान की बालियां संजू को दे दीं. इसके बाद अंजू ने सड़क पर बेहोश होने का नाटक किया ताकि शक उसी पर न जाए. उसकी एक्टिंग इतनी मजबूत थी कि शुरुआती जांच में पुलिस भी भ्रमित हो गई.

पुलिस को असली सुराग मेडिकल रिपोर्ट से मिला. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हुआ कि आशीष के शरीर पर जो चोटें थीं वे सड़क हादसे की नहीं बल्कि मारपीट की थीं. सबसे अहम बात यह सामने आई कि उसकी मौत गला घोंटने से हुई थी. इसके बाद पुलिस ने अंजू के कॉल रिकॉर्ड खंगाले. जांच में सामने आया कि घटना से पहले वह लगातार अपने प्रेमी संजू के संपर्क में थी. यह सबूत सामने आते ही पुलिस का शक यकीन में बदल गया.