श्री गंगानगर में रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका, ट्रेन उड़ाने की साजिश का शक, 2 पैसेंजर ट्रेनें रद्द
श्री गंगानगर: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध धमाके की घटना सामने आई है.
श्री गंगानगर: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध धमाके की घटना सामने आई है. धमाके से अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन को नुकसान पहुंचा है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रैक के बीच लगे सीमेंट के दो स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए हैं. घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
यह धमाका गांव 50 जीबी के पास हुआ. बताया जा रहा है कि अनूपगढ़ से सूरतगढ़ जाने वाली पैसेंजर ट्रेन के गुजरने के कुछ देर बाद विस्फोट हुआ. गनीमत रही कि ट्रेन उस समय ट्रैक से निकल चुकी थी. अगर ट्रेन के गुजरते समय धमाका होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था.
मौके पर पहुंची पुलिस:
घटना की जानकारी मिलते ही श्रीगंगानगर के एसपी हरि शंकर समेत पुलिस और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे. रेलवे पुलिस, एटीएस और अन्य जांच एजेंसियां धमाके के कारणों का पता लगा रही हैं. फिलहाल ट्रेन को निशाना बनाने की साजिश की आशंका की जांच की जा रही है.
Also Read
- झुंझुनू में सड़क निर्माण के बीच हुआ खौफनाक हादसा, 11 हजार वोल्ट की लाइन बनी काल; करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत
- 6.16 करोड़ में खरीदे 40 विला, हर साल किराये से 1.8 करोड़ की कमाई, राजस्थान में IAS-IPS दंपती ने किया करोड़ों का खेल
- क्या पारा सच में बन गया सोना? पोखरण-2 से जुड़े वैज्ञानिक के दावे ने बढ़ाई हलचल
श्री गंगानगर के SP, हरिशंकर ने कहा, “अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर 50 जीबी गांव के पास, रेलवे ट्रैक को सहारा देने वाले दो स्लीपर ब्लॉक (सिल्लियां) संदिग्ध विस्फोट में क्षतिग्रस्त हो गए हैं. सबूतों की जांच के लिए FSL टीम को मौके पर बुलाया जा रहा है. अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि घटना किस तरह की है. हाल ही में सीमावर्ती इलाके से बरामद किए गए 7.5 किलो RDX से इसका कोई संबंध अभी तक सामने नहीं आया है. मामले की जांच चल रही है.”
दो पैसेंजर ट्रेनें रद्द:
धमाके के बाद रेलवे ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 4 नवंबर 2026 को अनूपगढ़-सूरतगढ़ रूट की दो पैसेंजर ट्रेनें रद्द कर दी हैं. इनमें ट्रेन संख्या 59711: सूरतगढ़-अनूपगढ़ और ट्रेन संख्या 59712: अनूपगढ़-सूरतगढ़ शामिल हैं. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया गया है. मामले की जांच जारी है और धमाके के पीछे किसका हाथ है, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.