कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में बवाल, अभिजीत को जड़ा थप्पड़; पुलिस ने संभाला मोर्चा
जयपुर में एक प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके, जो कॉक्रोच जनता पार्टी के संस्थापक हैं, पर अचानक एक अज्ञात व्यक्ति ने हमला किया और उन्हें थप्पड़ मार दिया. यह घटना उस समय हुई जब वे प्रदर्शन में शामिल थे.
जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब शहीद स्थल पर चल रहे एक प्रदर्शन के दौरान कॉक्रोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को एक अनजान व्यक्ति ने सरेआम थप्पड़ मार दिया. इस घटना के बाद मौके पर मौजूद भीड़ में तत्काल आक्रोश फैल गया और पूरा माहौल तनाव से भर गया.
घटना के बाद भीड़ थप्पड़ मारने वाले पर टूट पड़ने को तैयार थी, लेकिन अभिजीत दीपके ने खुद आगे बढ़कर हाथ के इशारे से लोगों को रोकने की कोशिश की. वे नहीं चाहते थे कि स्थिति और बिगड़े. हालांकि भीड़ का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा था और देखते ही देखते माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि पुलिस को तत्काल कदम उठाना पड़ा. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस अभिजीत दीपके को मौके से निकालकर एक अज्ञात स्थान पर ले गई.
Also Read
थप्पड़ मारने वाला हिरासत में, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थप्पड़ मारने वाले अज्ञात व्यक्ति को मौके पर ही हिरासत में ले लिया. इसके साथ ही प्रदर्शन स्थल पर जमा सभी प्रदर्शनकारियों को भी पुलिस ने खदेड़ दिया. किसी भी अप्रिय घटना को टालने के लिए पुलिस बल ने पूरे इलाके में मोर्चा संभाल लिया.
मीडियाकर्मियों से भी धक्का-मुक्की, इलाका पूरी तरह सील
इस घटना को कवर करने पहुंचे कुछ मीडियाकर्मी भी भीड़ के गुस्से से नहीं बच सके. उत्तेजित भीड़ ने कुछ पत्रकारों के साथ धक्का-मुक्की भी की, जिससे घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल और गहरा हो गया. स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में लेते हुए पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया और प्रवेश मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई जारी है.