कोटा में भीषण बस हादसा, सवारियों से भरी बस पलटी; 3 यात्रियों की मौत, 23 घायल
बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई. हैंगिंग ब्रिज के पास फोरलेन सड़क पर अहमदाबाद से मध्य प्रदेश के ग्वालियर-भिंड जा रही एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई. इस हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल हो गए.
राजस्थान: राजस्थान के कोटा शहर में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई. हैंगिंग ब्रिज के पास फोरलेन सड़क पर अहमदाबाद से मध्य प्रदेश के ग्वालियर-भिंड जा रही एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई. इस हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल हो गए.
कोटा में भीषण बस हादसा
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस रात के समय तेज गति से नया गांव पुलिया के पास से गुजर रही थी. अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया. वह डिवाइडर फांदकर दूसरी लेन पर जा गिरी और पलट गई. बस में क्षमता से ज्यादा यात्री सवार थे, जिनमें अधिकतर मध्य प्रदेश के रहने वाले थे. पलटने के बाद बस के कुछ यात्री सड़क पर गिर गए.
सवारियों से भरी बस पलटी
इसी दौरान दूसरी तरफ से आ रहे एक ट्रॉले ने तीन यात्रियों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया. राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की. पुलिस की रेस्क्यू टीम भी जल्दी पहुंची और घायलों को निकालकर अस्पताल भेजा. शहर के सभी प्रमुख अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया था.
Also Read
कुछ घायलों की हालत गंभीर
घायलों का इलाज कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है. कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. शहर की एसपी तेजस्विनी गौतम घटनास्थल पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया. बाद में वे अस्पताल भी गईं और घायलों से बात की. यात्रियों ने बताया कि बस की स्पीड करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटा थी. कई यात्रियों का कहना है कि ड्राइवर की लापरवाही या थकान की वजह से यह हादसा हुआ.
यह बस अहमदाबाद से भिंड की ओर जा रही थी. इसमें गैलरी समेत सभी सीटों पर यात्री भरे हुए थे. गनीमत रही कि बस पुलिया की तरफ नहीं गिरी, वरना हादसा और भी भयानक हो सकता था. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और ड्राइवर की गलती इनमें से कौन सी वजह मुख्य है, यह पता लगाया जा रहा है.