IPL 2026

8वीं की परीक्षा देने गई लेकिन वापस नहीं लौट पाई, बीकानेर में 13 साल की बच्ची के साथ रेप; अर्द्धनग्न अवस्था में मिली लाश

बीकानेर के रणजीतपुरा थाना इलाके में 13 साल की छात्रा का शव अर्द्धनग्न अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई. दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है. ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं और पुलिस जांच जारी है.

X
Babli Rautela

बीकानेर: राजस्थान के बीकानेर जिले में एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है. रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में रहने वाली 13 वर्षीय किशोरी शनिवार सुबह करीब 11 बजे घर से आठवीं की परीक्षा देने के लिए निकली थी. परिवार के अनुसार वह रोज की तरह स्कूल जाने के लिए ढाणी से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित विद्यालय के लिए रवाना हुई थी.

दोपहर बाद जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई. इसी दौरान स्कूल से सूचना मिली कि छात्रा उस दिन परीक्षा देने पहुंची ही नहीं थी. इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की.

सड़क किनारे मिला शव, फैली सनसनी

काफी खोजबीन के बाद रणजीतपुरा से गौडू की ओर जाने वाली भारत माला सड़क के किनारे रोही क्षेत्र में बच्ची का शव अर्द्धनग्न अवस्था में मिला. इस दृश्य को देखकर ग्रामीण स्तब्ध रह गए. तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षेत्र को घेरकर जांच प्रक्रिया शुरू की. प्रारंभिक स्थिति को देखते हुए मामले को गंभीर मानते हुए उच्च अधिकारियों को भी सूचित किया गया.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारी लाल मीणा ने बताया कि प्रथम दृष्टया आशंका है कि किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई. घटनास्थल के हालात से गला घोंटने की संभावना भी जताई जा रही है. हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के बाद ही की जाएगी. एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया है. साक्ष्य जुटाने का काम जारी है. पुलिस का कहना है कि सभी संभावित एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा.

गांव में आक्रोश और विरोध

घटना की खबर फैलते ही गांव में भारी आक्रोश देखने को मिला. परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया. उनका कहना है कि जब तक दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा. स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है. अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.